रांची. प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत झारखंड में अब तक लगभग 1.35 लाख घरों का निर्माण पूरा हो चुका है. वहीं, करीब 75 हजार घर अभी निर्माणाधीन हैं. राज्य सरकार ने दिसंबर 2025 तक इन्हें पूरा करने का लक्ष्य तय किया है. वहीं, वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य सरकार ने एक लाख नये घरों को मंजूरी देने का लक्ष्य रखा है. शहरी प्रशासन निदेशालय के मुताबिक, वर्ष 2015 से अब तक 2.11 लाख लाभुकों को योजना में शामिल किया गया है. इसमें सबसे ज्यादा आवास बेनीफिशियरी-लेड कंस्ट्रक्शन (बीएलसी) घटक के तहत स्वीकृत हुए हैं. इसके अलावा आर्थिक रूप से किफायती आवास परियोजनाओं (एएचपी) के तहत भी कई योजनाएं चल रही हैं.
राजधानी रांची में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 10 वर्ष पूरे हो गये
राजधानी रांची में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 10 वर्ष पूरे हो गये हैं. गुजरे दशक में नगर निगम ने कुल 12,587 स्वीकृत घरों में से 11,052 का निर्माण पूरा कर लिया है, जो लक्ष्य का लगभग 88 प्रतिशत है. शेष 1,535 स्वीकृत आवासों का निर्माण जल्द पूरा करने की उम्मीद है. यहां यह भी उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने पीएम आवास योजना (शहरी) की पूर्णता अवधि 31 दिसंबर 2025 तक बढ़ा दी है. इससे स्वीकृत किये गये सभी आवासों का निर्माण पूरा किया जा सकेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
