रामगढ़. झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर, रामगढ़ के वार्षिकोत्सव पर शुक्रवार को कलश यात्रा निकाली गयी. कलश यात्रा मंदिर परिसर से होकर झंडा चौक, गांधी चौक, मेन रोड, सुभाष चौक, शिवाजी रोड, लोहार टोला होते हुए चट्टी बाजार स्थित सत्यनारायण मंदिर पहुंची. यहां कलश में जल भरने के बाद यात्रा माता वैष्णो देवी मंदिर लौट आयी. कलश यात्रा में सुसज्जित वाहन पर माता का चित्र रखा गया था. रामगढ़ के भजन गायक कमल बगड़िया व ध्रुव सिंह अपनी पूरी टीम के साथ भजन गा रहे थे. नगर भ्रमण के दौरान शिवाजी रोड स्थित गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी ने कलश यात्रा का स्वागत किया. कलश यात्रा के आगे शतचंडी यज्ञ के मुख्य यजमान हर्ष आनंद व निशु आनंद थे. मौके पर माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सूरत चंद्र वासुदेव, महेश मारवाह, मनजीत साहनी, नरेश चंद्र मौजूद थे. ज्ञात हो कि 35 वर्ष पूर्व झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में माता की प्रतिमा स्थापित की गयी थी. लोगों के अनुसार, प्रतिमा स्थापना के समय धार्मिक अनुष्ठान के बाद तेज आवाज व धरती में कंपन के साथ उस स्थान पर प्रतिमा स्थापित हुई थी. इसकी गूंज पूरे रामगढ़ में सुनी गयी थी. तभी से प्रतिवर्ष प्रतिमा स्थापना की वर्षगांठ मनायी जाती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
