रामगढ़,गिद्दी. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गिद्दी बस्ती टेहराटाॅड़ में संकुल स्तरीय संस्कृति महोत्सव सह प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन मुख्य अतिथि अरगड्डा महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार ने किया. मुख्य अतिथि अरगड्डा महाप्रबंधक श्री कुमार ने कहा कि भारतीय संस्कृति विश्व की प्राचीन और समृद्ध संस्कृतियों में से एक है. बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपरा और संस्कारों से जोड़ना समय की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य सिर्फ किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, राष्ट्र प्रेम की भावना विकसित करना है.
बच्चों ने किया अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता ज्ञान का प्रदर्शन
प्रश्न मंच प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से भारतीय संस्कृति, इतिहास, परंपरा, महापुरुषों और सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गये. इसके अलावा मूर्तिकला, कथावाचन, आशु भाषण एवं पत्र वाचन जैसी विविध प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया. इन प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और ज्ञान का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. विभिन्न श्रेणियां में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. पत्र वाचन प्रतियोगिता में गिद्दी बस्ती की नूतन मिश्रा ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति के बल पर प्रथम स्थान प्राप्त घर विद्यालय का नाम रोशन किया. विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र कुमार मिश्रा ने संस्कृति आधारित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला. इस अवसर पर विद्यालय के कई शिक्षक व शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
