:::पतरातू में चोरों का आतंक, बंद आवास से चोरी की बढ़ीं घटनाएं पतरातू. पतरातू थाना क्षेत्र के पीटीपीएस आवासीय इलाके में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. बीते एक सप्ताह के अंदर चोरों ने दो बंद आवासों को निशाना बना कर स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है. ताजा मामला पीटीपीएस आवासीय क्षेत्र का है. यहां चोरों ने बंद आवास का ताला तोड़ कर लाखों रुपये मूल्य के जेवरात व घरेलू सामान की चोरी कर ली. गृहस्वामी अमित कुमार ने पतरातू थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. अमित ने बताया कि वह अपने गांव गया गये थे. घर की चाबी अपने रिश्तेदार के पास दे दी थी. 15 जनवरी को घर की जांच के दौरान सब कुछ ठीक था, लेकिन 17 जनवरी की शाम वह जब लौटे, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला. पीछे का दरवाजा खुला था. घर के सामान बिखरे पड़े थे. चोर घर से सोने की तीन अंगूठी, दो जोड़ी पायल के अलावा पीत्तल व कांसा के बर्तन ले गये हैं. स्थानीय लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
