गोला. गोला वन क्षेत्र में हाथियों के उत्पात को लेकर गुरुवार को वन विभाग के अधिकारियों ने सुतरी हेंसापोड़ा व रकुवा में ग्रामीणों के साथ बैठक की. इसमें वन विभाग ने मानव-हाथी द्वंद्व को कम करने एवं ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जानकारी दी. बैठक में वाइल्ड लाइफ के पीपीसीएफ रवि रंजन, डीएफओ नीतीश कुमार, रेंजर राकेश कुमार सिंह मौजूद थे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से हाथियों की गतिविधियों, फसल क्षति एवं घरों को होने वाले नुकसान की जानकारी ली. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों का झुंड लगातार गांवों के आसपास विचरण कर रहा है. इससे लोगों में भय है. कई किसानों की फसलें भी बर्बाद हुई हैं. अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, रात में अकेले बाहर नहीं निकलने और हाथियों के नजदीक नहीं जाने की सलाह दी. वन विभाग की टीम को सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर का उपयोग करने को कहा गया. ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग करते हुए नियमित गश्ती एवं मुआवजा प्रक्रिया को सरल बनाने की अपील की. मौके पर सुतरी पंचायत के मुखिया सतीश कुमार मुर्मू, हेंसापोड़ा मुखिया गीतांजलि कुमारी तिर्की, रकुवा पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेश कुमार रजक, विशाल कुमार, विक्रम भोगता मौजूद थे.
मानव-हाथी द्वंद्व रोकने को लेकर वन विभाग सक्रिय, बनायी रणनीति
मानव-हाथी द्वंद्व रोकने को लेकर वन विभाग सक्रिय, बनायी रणनीति
