बरकाकाना. मां देवड़ी प्रोडक्शन लिमिटेड के बैनर तले क्षेत्रीय भाषा पर आधारित शॉर्ट फिल्म बजनियां की शूटिंग बुधवार को कटेलिया बेड़ा में की गयी. फिल्म में रामगढ़ जिले के अलावा अन्य जिलों के दर्जनों कलाकार शामिल हैं. फिल्म के निर्माता पोचरा निवासी अनिल नायक, निदेशन दीपक सिंह टाइगर, संजय बनारसी, कैमरा मैन रूपक कुमार हैं. फिल्म के निर्माता अनिल नायक ने बताया कि फिल्म झारखंड की प्राचीन सांस्कृतिक सभ्यता घांसी बजनिया समुदाय पर आधारित है. यहां समुदाय की सभ्यता संस्कृति में हर खुशी व गम में शहनाई, बांसुरी आदि वाद्य यंत्रों से ताल बजाते थे. यह इनका मुख्य पेशा भी था. धीरे-धीरे डीजे व आधुनिक साउंड सिस्टम ने इस समाज की सभ्यता संस्कृति व पेशे को समाप्त कर दिया है. इस फिल्म में समाज दशा, सभ्यता-संस्कृति को दर्शाया गया है. फिल्म में बतौर अभिनेता रामगढ़ के विक्रांत गुप्ता, अभिनेत्री दीक्षा, एलिना शर्मा, सहायक अभिनेत्री सुनीता देवी, खलनायक की भूमिका में संजय बनारसी हैं. फिल्म में सूरज जायसवाल, कौलेश्वर बेदिया, मोहित बेदिया, मुंशी घांसी, चंद्रमोहन, संजय घांसी, होरिल घांसी, तुलसी घांसी, पूनम शर्मा, मीना देवी, सैयद सल्लाउद्दीन, संतोष ओझा, बाल कलाकार अंशु भुइयां, रोशन माइकल, रोहित करमाली, दुबराज नायक भी शामिल हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
