रामगढ़. डीआरडीए सभागार में बुधवार को स्कूल रूआर के तहत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यशाला हुई. मुख्य अतिथि डीडीसी आशीष अग्रवाल ने कहा कि स्कूल रूआर सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है. इसे शत-प्रतिशत धरातल पर उतारते हुए रामगढ़ जिले को राज्य में आदर्श बनाना है. उन्होंने शिक्षकों, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों व अभिभावकों से ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की अपील की. उन्होंने बताया कि जिले में साढ़े पांच वर्ष या उससे अधिक आयु के लगभग 7943 बच्चे, जो आंगनबाड़ी केंद्रों में हैं या विद्यालय से बाहर हैं, उनका नामांकन निकटतम प्राथमिक विद्यालयों में सुनिश्चित किया जायेगा. इसके लिए जिला समाज कल्याण विभाग व जिला शिक्षा अधीक्षक को समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. विशिष्ट अतिथि सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ कर पुनः नामांकन जरूरी है. कार्यशाला के दौरान नलिनी रंजन ने स्कूल रूआर 2026 कार्यक्रम की जानकारी दी. कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधीक्षक संजीत कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी इंदु प्रभा खलखो, विधायक प्रतिनिधि लालचंद महतो, नलिनी रंजन, कुमार राज, मिथिलेश कुमार रविदास, आदित्य कुमार, अंजली कुमारी, शीजल साहू मौजूद थे.
ड्रॉपआउट बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए जनजागरूकता अभियान चलायें
ड्रॉपआउट बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए जनजागरूकता अभियान चलायें
