कुजू : कुजू ओपी क्षेत्र के शिव नगर भरेचनगर सांडी के एक सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मी के आवास में चोरों ने बुधवार की रात करीब दो लाख रुपये की जेवरातों की चोरी कर ली. इस संबंध में भुक्तभोगी द्वारा कुजू ओपी में मामला दर्ज कराया गया है. जानकारी के अनुसार उत्तम प्रसाद झा का पूरा परिवार खाना खाने के बाद सोये हुए थे. इसी बीच चोर रात्रि 1 से 2 बजे खिड़की का ग्रिल कबाड़ते हुए घर के अदंर प्रवेश किये. चोरों ने कमरे में रखे चाभी को लेकर अलमीरा खोलकर जेवरातों की चोरी की. जब उत्तम प्रसाद की पत्नी की नींद खुली, तो उसे देख चोर भाग निकले. सुबह छानबीन के क्रम में सूर्या सीमेंट के पिछवाड़े में एक सूटकेस व बैग को झाड़ियों में फेंका पाया.
सूचना पाकर घटना स्थल पहुंचे ओपी प्रभारी रामेश्वर भगत व सअनि विनय कुमार ठाकुर को भुक्तभोगी परिवार ने बताया कि चोर सोना के 8 जोड़ा कान की बाली, दो जोड़ा चेन, एक पीस कंगन, एक अंगूठी, एक जोड़ा पायल, चांदी का दो सिक्का, तीन लोकेट, एक पीस नथिया, एक पीस मांगटीका चोरी कर ले गये. जिसकी अनुमानित कीमत भुक्तभोगी परिवार ने करीब दो लाख रुपये बताया है. इधर पुलिस छानबीन के दौरान जब सूटकेस व बैग की बरामद स्थल पहुंची, तो पता चला कि बगल के फैक्टरी के स्टोर रूम का ग्रिल व गेट कबाड़ कर चोर अपने साथ ले गये हैं.
फुटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ दो को
कुजू. एसटी एफसी सुगिया द्वारा दो अक्तूबर को गांधी जयंती पर फुटबॉल टूर्नामेंट मैच का आयोजन किया गया है. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में करमा परियोजना पदाधिकारी एसके पराशर शामिल होंगे. उक्त आशय की जानकारी क्लब के प्रेमचंद मुंडा ने दी है. उन्होंने टूर्नामेंट मैच में शामिल होने वाले टीमों को क्लब के सदस्यों से संपर्क करने की बात कही है.
मुआवजा राशि देने की मांग
कुजू. झाकोमयू के कुजू क्षेत्रीय सचिव रामचंद्र वर्मा ने पुंडी परियोजना पदाधिकारी को आवेदन दिया है. इसमें उन्होंने ग्राम महुआटांड़ के 32 विस्थापित रैयतों को मुआवजा का भुगतान एवं पहचान पत्र निर्गत करने की बात कही है. उन्होंने कहा है कि विस्थापितों का 2008 से मुआवजा भुगतान लंबित है. जबकि प्रबंधन द्वारा तुरंत देने का भरोसा दिलाया गया था. उन्होंने मुआवजा राशि देने की मांग की है.
