हजारीबाग/रामगढ़ : रामगढ़ के गोला में हुई गोलीकांड की समीक्षा गुरुवार को आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार ने की. रामगढ़ एसपी, डीडीसी ने घटना में घायलों के बयान की लिखित कॉपी उपलब्ध करायी.
इस दौरान सभी के बयानों व अधिकारियों से संबंधित जानकारी सूचीबद्ध की गयी. घटनास्थल पर डीआइजी उपेंद्र कुमार ने भी लोगों की राय ली थी. बैठक में उपलब्ध सभी कागकाज पर आयुक्त और डीआइजी संयुक्त रूप से रिपोर्ट तैयार करेंगे.
झरिया पुनर्स्थापन एवं विकास प्राधिकार की बैठक : आयुक्त प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में झरिया प्राधिकार बोर्ड की बैठक हुई. वार्षिक बजट एक करोड़ 90 लाख स्वीकृत किया गया. केजुएल पर कार्यरत 65 वर्ष से अधिक कर्मियों को सेवानिवृत्त किया गया. ललपनिया में बननेवाले 10 हजार मकान के लिए नये सिरे से भूमि का चयन होने की बात कही गयी. बोर्ड ने यह भी निर्णय लिया कि अब बीसीसीएल भू-अर्जन कर जमीन उपलब्ध करायेगी. उसी पर भवन निर्माण का कार्य होगा. बैठक में धनबाद डीसी, डीडीसी, बीसीसीएल के चीफ इंजीनियर समेत कई अधिकारी उपस्थित हुए.
डॉक्टर आज सौंपेंगे पोस्टमार्टम रिपोर्ट!
फायरिंग में मरनेवाले दशरथ नायक और फुतू महतो का पोस्टमार्टम करनेवाले हजारीबाग सदर अस्पताल के डॉक्टर शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट बंद लिफाफे में रामगढ़ के एसपी को सौंप सकते हैं. डॉ महेंद्र, डॉ बीएन प्रसाद और डॉ पीके सिन्हा ने दोनों का पोस्टमार्टम किया था. हालांकि, डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम के संबंध में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया था, लेकिन सूत्रों का कहना है कि दशरथ और फुतू की मौत छाती के नीचे पेट में गोली लगने से हुई है. गोली लगने से उनके अंगों ने काम करना बंद कर दिया और दोनों की मौत हो गयी.
