भुरकुंडा : दो सितंबर की हड़ताल को सफल बनाने के लिए बरका-सयाल क्षेत्र संयुक्त श्रमिक संगठनों की सभा मंगलवार को हाथीदाड़ी भूमिगत खदान भुरकुंडा में हुई. अध्यक्षता अशोक गुप्ता ने की.
संचालन संजय वर्मा ने किया. वक्ताओं ने कहा कि श्रमिकों के मामले को देश की सरकार अनसुना कर रही है. ऐसी बहरी सरकार को सुनाने के लिए हड़ताल जरूरी है. नेताओं ने कहा कि अपनी गलत नीतियों के कारण सरकार ने हड़ताल के लिए बाध्य किया है. अब मजदूर इस हड़ताल को सफल बना कर सरकार को उसकी नीतियों का करारा जवाब देंगे. नेताओं ने कहा कि 10 वां वेतन समझौता अभी तक लागू नहीं हुआ है.
पेंशन जैसी योजनाओं को भी बंद करने की साजिश सरकार द्वारा रची जा रही है. यह मजदूर विरोधी सरकार सिर्फ पूंजीपतियों के
इशारे पर काम कर रही है. नेताओं ने मजदूरों से एकजुट होकर दो सितंबर की हड़ताल को ऐतिहासिक बनाने की अपील की.
सभा को क्षेत्रीय संयोजक उदय कुमार सिंह, प्रभुदयाल सिंह, विंध्याचल बेदिया, आरपी सिंह, बलराम सिंह, बासुदेव साव, अशोक शर्मा, रामनरेश सिंह, लखेंद्र राय, डॉ आशीष कुमार, रमाकांत दुबे, संतोष यादव, विनोद मिश्रा, विजय सिंह, जग्गू घांसी, विकास, सत्यनारायण ठाकुर, विकास कुमार शर्मा ने संबोधित किया. मौके पर बड़ी संख्या में कोयला कर्मी उपस्थित थे.
