राधा गोविंद विधि कॉलेज को बार काउंसिल ऑफ इंडिया से स्वीकृति मिली
रामगढ़ क्षेत्र के विद्यार्थियों को
मिलेगा लाभ
रामगढ़ : राधा गोविंद ग्रुप ऑफ एडुकेशन के राधा गोविंद विधि महाविद्यालय को बार काउंसिल आफ इंडिया ने स्वीकृति प्रदान कर दी है. अब रामगढ़ में कानून की पढ़ाई का रास्ता साफ हो गया है. रविवार को ललकी घाटी स्थित राधा गोविंद विधि महाविद्यालय के संचालन को लेकर बैठक आयोजित की गयी थी. इसकी अध्यक्षता प्रो अनिल कुमार सिंह की. बैठक में संस्था के सचिव बीएन साह, रामगढ़ बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे.
बैठक के बाद पत्रकार सम्मेलन का आयोजन कर जानकारी दी गयी. कहा गया कि राधा गोविंद विधि महाविद्यालय के विधिवत संचालन व शुभारंभ करने की तिथि पर विचार-विमर्श किया गया. संस्था के सचिव बीएन साह ने कहा कि राधा गोविंद विधि महाविद्यालय की मंजूरी से रामगढ़ के शिक्षा जगत में एक नया अध्याय जुड़ गया है. सचिव ने बताया कि महाविद्यालय में रामगढ़ के विद्यार्थियों को सस्ता व सरल तरीके से कानून की पढ़ाई उपलब्ध करायी जायेगी. श्री साह ने कहा कि शीघ्र ही नामांकन की तिथि घोषित की जायेगी.
उन्होंने कहा बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने तीन वर्षीय कोर्स सत्र 2016-19 व पंच वर्षीय कोर्स 2016-21 की पढ़ाई के लिए मान्यता प्रदान की है. उन्होंने मान्यता प्रदान करने के लिए झारखंड सरकार, विनोबा भावे विश्वविद्यालय तथा बार काउंसिल ऑफ इंडिया का आभार प्रकट किया. अधिवक्ता प्रमोद कुमार सिंह ने मान्यता मिलने को रामगढ़ के लिए अच्छा बताया. मौके पर डाॅ संजय सिंह, विनय कुमार सिंह, नीरज मंडल, कैप्टन जीएस चंदेल, तापसी प्रमाणिक, डाॅ रंजीता मुखर्जी, प्रियंका कुमारी, ज्योत्सना गीतांजलि समेत काफी संख्या में महाविद्यालय से जुड़े लोग उपस्थित थे.
