ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की
चैनपुर : नावाडीह पंचायत के छोटकी आहर तालाब में 11 हजार वोल्ट का तार गिरने से करीब 12 क्विंटल मछलियां मर गयी. घटना शनिवार देर शाम की है. शाम होने के कारण तालाब में कोई भी व्यक्ति नहीं था अन्यथा बड़ी घटना होने से इंकार नहीं किया जा सकता था. जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग द्वारा तिरला की ओर विद्युत आपूर्ति के लिए लगाये गये 11 हजार वोल्ट का तार छोटकी आहर के उपर से गुजरा है. शनिवार देर शाम अचानक तार टूट कर तालाब में गिर गया. इससे पूरे तालाब में 11 हजार वोल्ट की बिजली प्रवाहित होने लगी. इसकी चपेट में आकर तालाब की मछलियां मर गयी. ग्रामीणों के अनुसार उक्त मछलियों की कीमत एक लाख रुपये से अधिक थी. उक्त तालाब नावाडीह का प्रमुख तालाब है जहां नावाडीह के ग्रामीण प्रतिदिन स्नान करने, कपड़ा धोने से लेकर अन्य कार्य करते हैं.
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर ओपी प्रभारी को दिया आवेदन : नावाडीह के ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर वेस्ट बोकारो ओपी प्रभारी को आवेदन दिया है. दिये आवेदन में कहा है कि विभाग की लापरवाही के कारण शनिवार शाम 11 हजार वोल्ट का तार तालाब में गिर गया. इससे लाखों रुपये मूल्य की मछलियां मर गयी. अगर घटना दिन में होती तो कई लोगों के भी जान माल को क्षति हो सकती थी.
इसलिए विद्युत विभाग पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग ग्रामीणों ने की है. आवेदन पर हस्तारक्षर करने वालों में पूर्व मुखिया विनोद बिहारी महतो, उप मुखिया तेजू महतो, केशोधर महतो, संजय महतो, सुरेश महतो, मोहन महतो, प्रवीण कुमार, दीपक कुमार, अर्जुन महतो व अन्य शामिल हैं.
