पतरातू : पतरातू मेन रोड स्थित बावनधारा के समीप मंगलवार शाम हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी है. जबकि युवक के पिता गंभीर रूप से घायल हैं. जानकारी के अनुसार महिंद्रा पिकअप (जेएच 02एएफ 6049) पतरातू से न्यू मार्केट की ओर आ रही थी. इस क्रम में पिकअप ने बावनधारा के समीप सड़क के किनारे खड़ी एक साइकिल को धक्का मार दिया. इसके बाद उसी दिशा में हीरो स्पलेंडर मोटरसाइकिल (जेएच 02एएफ 2748) से आ रहे पालू पिपरीटोला निवासी उषा महतो व उसके पुत्र सुदेश्वर महतो (28) को पीछे से धक्का मार दिया.
इसके बाद पिकअप असंतुलित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में चला गया. दुर्घटना में युवक सुदेश्वर महतो व उषा महतो गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोग व पुलिस ने दोनों को प्रखंड चिकित्सालय ले गये. जहां सुदेश्वर महतो को मृत घोषित कर दिया गया. जबकि उषा महतो का प्राथमिक इलाज कर रिम्स रेफर कर दिया गया. दुर्घटना के बाद भाग रहे पिकअप के चालक कोतो निवासी अवधेश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
मुआवजा की मांग : घटना की सूचना के बाद पालू मुखिया गंगाधर महतो, पतरातू मुखिया सुमन देवी, पंचमंदिर मुखिया राहुल रंजन समेत अन्य ग्रामीण व स्थानीय लोग प्रखंड चिकित्सालय पहुंचे. लोगों में आक्रोश था. मौके पर बीडीओ ने पहुंच कर लोगों को समझाया. मुखिया समेत लोगों द्वारा भुक्तभोगी परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की जा रही थी. बीडीओ ने इसका आश्वासन दिया है.
बाल-बाल बचे शिक्षक : दुर्घटना में सरस्वती शिशु मंदिर पतरातू के शिक्षक बाल-बाल बच गये. जानकारी के अनुसार शिक्षक रमेश प्रसाद साइकिल से जयनगर जा रहे थे. इसी क्रम में वे बावनधारा के समीप पेड़ा खाने के लिए साइकिल लगा कर दुकान में चले गये. इसी बीच दुर्घटना घटी. इसमें उनकी साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी़
