चितरपुर : प्रखंड संसाधन केंद्र चितरपुर में सोमवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी विमलकांत झा ने क्षेत्र के मुखिया व विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक की. इस दौरान प्रखंड क्षेत्र में खराब प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों के शिक्षकों, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व मुखियाओं के साथ आवश्यक बैठक की गयी.
बैठक में विद्यालयों में छात्रों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के साथ – साथ विभिन्न योजनाओं का लाभ देने पर चर्चा की गयी. इस दौरान बीइइओ श्री झा ने कहा कि किसी भी हाल में विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना का समुचित क्रियान्वयन करना है.
उन्होंने शिक्षकों को विद्यालय में नियमित रूप से उपस्थित रहने, छात्रों का शत प्रतिशत नामांकन, पाठ्यक्रम को समय पर पूरा करने, अभिभावकों के साथ प्रति माह बैठक करने, बच्चों का शत प्रतिशत आधार व बैंक खाता बनाने, जर्जर भवन में छात्रों को नहीं बैठाने सहित कई निर्देश दिये. साथ ही उन्होंने मुखियाओं से विद्यालय में सहयोग करने की अपील की. मौके पर बीपीओ मो इनशा अल्लाह, मुखिया नीना देवी, निर्मला देवी, रीना देवी, माथुर महतो, दिलीप कुमार साव के अलावा प्रधानाध्यापिका प्रमिला कुमारी, सुरेश रजक, अनुराधा केसरी, वंशीधर मानकी, मो अमान उल्लाह, अनवर सलीम, निकहल इकबाल, भानु प्रकाश महतो, महानंद महतो, नंदकिशोर दांगी सहित कई मौजूद थे.
