उपभोक्ताओं को होगी सुविधा
सभी तरह के ट्रांजेक्शन अब होंगे ऑनलाइन
पतरातू : पीटीपीएस डाक घर अब कोर बैंकिंग सेवा (सीबीएस) से जुड़ गयी है. डाक घर में अब सभी तरह के ट्रांजेक्शन ऑनलाइन होंगे. उप डाक पाल राम खेलावन चौधरी व सहायक सुनील कुमार सिंह ने पूजा-अर्चना कर सीबीएस माध्यम से कार्य का शुभारंभ किया.
सीबीएस सेवा बहाल होने से उपभोक्ताओं को कई तरह की सुविधाएं मिलेगी. अब वे अपने खाते का संचालन देश भर में किसी भी सीबीएस सेवा वाले डाक घर से कर सकेंगे. इसके तहत बचत खाता से पैसे निकालना, जमा करना, बैलेंस चेक करना आदि कार्य हो सकेंगे. सीबीएस सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को उनके बचत, आवर्ती, एमआइएस, एससीएसएस, सुकन्या, किसान विकास पत्र, राष्ट्रीय बचत पत्र आदि के लिए नया खाता नंबर दिया जायेगा. इसका उपयोग वे भविष्य में अपने खाते के लेन-देन के लिए करेंगे. मौके पर विनय कुमार, घूरन गोप, जबरा मुंडा व अन्य उपस्थित थे.
खाता भी ऑनलाइन खुलेगा
इसके अलावा अब डाक घर में किसी भी तरह का खाता भी ऑनलाइन खोला जायेगा. इसके लिए डाक घर से नया फॉर्म मिलेगा. खाता खुलवाने के लिए तीन रंगीन फोटो व केवाइसी के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि की आवश्यकता होगी.
लिंक नहीं रहने पर लोगों को होगी परेशानी
सीबीएस सिस्टम लागू होने से अब सारे काम ऑनलाइन ही होंगे. इसके लिए डाक घर में लिंक पर ही आधारित रहना होगा. लिंक रहने के बाद ही उपभोक्ता किसी भी तरह का लेन-देन कर सकेंगे. सूत्रों के अनुसार महीने के अंतिम दिनों में लिंक की स्थिति काफी खराब रहती है. इस कारण महीने के अंत में उपभोक्ताओं को लेन-देन में कठिनाई हो सकती है.
बिजली का कनेक्शन कटा हुआ है
पीटीपीएस डाक घर में लगभग तीन-चार वर्ष से बिजली का कनेक्शन कटा हुआ है. सूत्रों के अनुसार डाक घर में अत्यधिक बिजली बिल (लगभग साढ़े तीन लाख रुपये) आने के बाद यह जमा नहीं हो सका.
इसके बाद बिजली विभाग द्वारा यहां का कनेक्शन काट दिया गया. हालांकि इसके बाद कई बार डाक विभाग द्वारा बिजली विभाग से समस्या का समाधान कर कनेक्शन जोडने का लिखित व मौखिक आग्रह किया गया. पर वर्तमान समय तक कनेक्शन नहीं जुड़ सका है.
इसके कारण किसी तरह जेनरेटर के माध्यम से यहां कार्य होता है. ऐसे में जेनरेटर में तकनीकी खराबी आने के कारण कभी भी उपभोक्ता को परेशानी उठानी पड सकती है. डाक घर की सेवा एक अति आवश्यक सेवा है. ऐसे में डाक घर में बिजली का कनेक्शन नहीं रहने से सेवा बाधित होने की संभावना बनी रहेगी.
