मांडू : आज मौका का जमाना है. स्कूल में संचालित बाल सांसद में कोई प्रधानमंत्री है तो कोई शिक्षा मंत्री. इस परंपरा को आगे अपने काबलियत के बल पर स्कूल के बाहर राज्य व देश का मंत्री बन कर सफल बनना है.
इसके लिए कड़ी मेहनत करें. उक्त बातें रामगढ़ उपायुक्त राजेश्वरी बी ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय मांडू में व्यायामशाला का उदघाटन व पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान कही. उन्होंने बच्चों से कहा कि स्कूल जीवन में मुझे कभी मेडल नहीं मिला. आप सौभाग्यशाली हैं जो अपनी प्रतिभा के कारण सम्मानित किये जा रहे हैं.
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने बच्चियों को गांव में विकास का हिस्सा बनने पर जोर दिया. साथ ही इसके लिए उन्होंने गांव में होने वाले ग्राम सभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की बात कही. जिला शिक्षा पदाधिकारी मुक्ति रानी सिंह ने कहा कि वे यहां की बच्चियों की कार्यशैली से प्रभावित हैं. उन्होंने कहा कि मैट्रिक व इंटर में शत-प्रतिशत रिजल्ट से मांडू ही नहीं बल्कि पूरा रामगढ़ गौरवान्वित हुआ है. कार्यक्रम को डीएसइ अनिल कुमार चौधरी व सीओ रवींद्र कुमार ने भी संबोधित किया. इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त, डीइओ, डीएसइ और सीओ ने संयुक्त रूप से किया.
उपायुक्त ने किया व्यायामशाला का उदघाटन : उपायुक्त ने विद्यालय में व्यायामशाला का उदघाटन किया. मौके पर उन्होंने वार्डेन रेणु कुमारी व लेखापाल पप्पू कुमार से स्कूल के एक शिक्षक को जिम के प्रति प्रशिक्षित कर बच्चियों को व्यायाम करने के तरीके सिखाने की बात कही.
सफल परीक्षार्थिंयों को किया सम्मानित: मैट्रिक व इंटर की परीक्षा में बेहतर रिजल्ट लाने वाली बच्चियों को उपायुक्त ने मेडल व शील्ड देकर सम्मानित किया. मौके पर विद्यालय की टॉपर रहीं उर्मिला मुर्मू, डोली कुमारी व प्रीति कुमारी, इंटर की परीक्षा में पूरे जिला में पांचवां स्थान लाने पर मोरसराय बेगम को भी उपायुक्त ने शील्ड व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया.
