रजरप्पा : रिमझिम बारिश के बीच रजरप्पा स्थित छन्निमस्तिके मंदिर में सोमवार को रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली. जानकारी के अनुसार मुंडन व विवाह के लिए शुभ मुहूर्त को लेकर मध्य रात्रि से ही दूर-दराज से लोग विभिन्न वाहनों से मंदिर पहुंचने लगे थे.
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि अहले सुबह से लेकर शाम तक लगभग 80 हजार लोगों ने मां छन्निमस्तिका देवी की पूजा-अर्चना की. भीड़ इतनी अधिक थी कि लोगों को भैरवी नदी स्नान करने जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. श्रद्धालुओं की कतार मुख्य मंदिर से लेकर पंचमंदिर होते हुए दो किमी दूर वन विभाग के रेस्ट हाउस के ऊपर तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रही.
बारी-बारी से लोगों ने मां छन्निमस्तिका की पूजा की. मंदिर न्यास समिति के सचिव शुभाशिष पंडा व वरिष्ठ पुजारी असीम पंडा ने बताया कि सावन व भादो माह में कोई भी शुभ कार्य नहीं होता है. सोमवार को विवाह व मुंडन की शुभ मुहूर्त को लेकर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ हुई. उधर भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था.
मंदिर से दो किमी पहले ही बैरियर लगा कर सभी वाहनों को रोक दिया गया. रजरप्पा थाना प्रभारी मुन्ना सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के सभी प्रवेश व निकासी द्वार पर पुलिस बल को तैनात किया गया है. झारखंड के अलावे बिहार, पश्चिम बंगाल, ओड़िसा सहित कई राज्यों से श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे.
