चितरपुर : करोड़ों रुपये का कोयला जला, लोग भयभीत
सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के ब्लॉक टू खदान क्षेत्र के गिधौनियां में एक सप्ताह पहले लगी आग फिर भड़क गयी है.
रजरप्पा :िगधौनियां में आग की लपटें काफी ऊपर तक उठ रही है. साथ ही खदान क्षेत्र से काफी मात्रा में धुआं निकल रहा है. अवैध सुरंगनुमा खदान में लगी आग ने अचानक रविवार को विकराल रूप ले लिया.
जोरदार धमाके के बाद लगभग 50 फीट भूमि धंस गयी. इस घटना में कई लोग बाल-बाल बच गये. उधर रजरप्पा प्रबंधन द्वारा आग को बुझाने का प्रयास किया जा रहा है. बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से यहां सुरंगनुमा खदान में आग लगी हुई है. गोमिया विधायक योगेंद्र प्रसाद की शिकायत के बाद बोकारो उपायुक्त ने गोमिया के अंचलाधिकारी विनिता केरकेट्टा व महुआटांड़ थाना प्रभारी अनिल शर्मा को घटनास्थल पर भेजा है.
देर शाम तक नहीं बुझी थी आग : आग की लपटें उठने के बाद आनन-फानन में रजरप्पा कोल वाशरी से पेलोडर मंगा कर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था. खदान से निकल रहे धुएं को कई किलोमीटर दूर से भी देखा जा सकता है.
घटना की सूचना मिलने के बाद महाप्रबंधक केएल कुंडू, सेफ्टी ऑफिसर एम मधुप व ब्लॉक टू प्रभारी सुबोध कुमार घटनास्थल पर पहुंचे. उधर बोकारो उपायुक्त ने सीसीएल प्रबंधन से घटना की विस्तृत जानकारी मांगी है.
भीड़ के कारण आग बुझाने में हो रही परेशानी : सुरंगनुमा खदान में आग को देखने के लिए आसपास के लोग घटनास्थल के समीप पहुंच रहे हैं. इस कारण आग बुझाने में सीसीएल प्रबंधन को परेशानी हो रही है. जिस स्थान में आग लगी है, वहां से कुछ दूरी पर एक गांव बसा हुआ है. इससे लोगों में दहशत है.
करोड़ों रुपये का नुकसान : अगलगी के कारण यहां करोड़ों रुपये का कोयला जल कर राख हो गया है. अवैध खदान में लगी आग धीरे-धीरे फैलती जा रही है. हालांकि रजरप्पा प्रबंधन द्वारा आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है.
