रामगढ़ : जिला शिक्षा पदाधिकारी रामगढ़ रतन कुमार सिंह ने विभागीय पत्र जारी कर जिले के सभी राजकीयकृत, परियोजना बाल उच्च विद्यालय तथा उत्क्रमित उच्च विद्यालयों में बायोमेट्रिक प्रणाली मशीन से शिक्षकों व कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य कर दिया है.
बुधवार को उन्होंने शिक्षा विभाग के निर्देश के आलोक में जिला कें सभी सरकारी उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी कर शिक्षकों व कर्मचारियों को बायोमेट्रिक प्रणाली से उपस्थिति दर्ज करने का निर्देश दिया है.
पत्र में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने लिखा है कि मई माह से बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही कोषागार द्वारा वेतन विपत्र पारित किया जायेगा. साथ ही एक दूसरे पत्र के माध्यम से जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी शिक्षक व शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को वेबसाइट मानव संपदा पर व्यक्तिगत डाटा अपलोड करने का भी निर्देश दिया है.
इसे जरूरी बताते हुए कहा गया है कि ऐसा नहीं होने पर मई माह के वेतन की निकासी नहीं होगी. प्रधानाध्यापकों से बायोमेट्रिक के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने के लिए राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के कंप्यूटर ऑपरेटर विजय कुमार से विशेष जानकारी के लिए संपर्क करने का निर्देश दिया गया है.
