मांग को लेकर झामुमो ने समाहरणालय पर दिया धरना
रामगढ़ : झारखंड सरकार द्वारा अधिसूचित स्थानीय नीति को रद्द करने की मांग को लेकर शनिवार को झामुमो रामगढ़ जिला कमेटी द्वारा छत्तर मांडू स्थित समाहरणालय पर एक दिवसीय धरना दिया गया.
इसमें जिला भर से आये झामुमो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए. धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने स्थानीय नीति को रद्द करने की मांग की. साथ ही मूल निवासी की पहचान को अंतिम खतियान, भाषा व ग्राम सभा द्वारा चिह्नित लोगों को जोड़ने की मांग की गयी.
धरना के बाद तीन सूत्री मांग पत्र उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को सौंपा गया. इसमें सरकार की अधिसूचित स्थानीय नीति रद्द करने तथा स्थानीय नीति को स्पष्ट करते हुए शिक्षा, रोजगार व नियोजन की व्यवस्था करने, भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया रद्द करते हुए भू-स्वामी रैयतों का स्वामित्व बरकरार रखने तथा राज्य में सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए सूखा राहत चलाने व समुचित पशु चारा की व्यवस्था करने की मांग की गयी.
धरना की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष फागु बेसरा व संचालन रामनाथ महतो ने किया. धरना में फागू बेसरा, राजू महतो, छेदी महतो, भुनेश्वर महतो उर्फ भुन्नु, सुदर्शन महतो, सुखदेवम हतो, चंदन गुप्ता, रामचंद्र वर्मा, गीता विश्वास, वीणा देवी, गीता देवी, रेणु देवी, सालिक अहमद, बालेश्वर महतो, रंजीत बेसरा, मुरलीधर कोठारी, गौतम तिवारी, राजेश महतो, खगेश्वर महतो, विनोद महतो समेत काफी संख्या में झामुमो समर्थक शामिल थे.
