टीम के सदस्य ने बताया कि मामला कोलगेट से जुड़ा है
रामगढ़. जिंदल कंपनी की जांच के मामले में आयी सीबीआइ की दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को भी अपना जांच जारी रखा. इस दौरान सीबीआइ दिल्ली के इंस्पेक्टर मनोज कुमार व एक अन्य अधिकारी ने कई जानकारियां हासिल की. दोनों अधिकारी सर्वप्रथम रामगढ़ जिला भू-अर्जन कार्यालय पहुंच कर वहां के प्रधान सहायक से जिंदल कंपनी के भू-अर्जन के लिए वर्ष 2007 में दिये गये आवेदन पर हुए कार्रवाई के अलावा अन्य आवेदनों पर भी क्या कार्रवाई हुई यह जानकारी प्राप्त की.
इसके बाद अधिकारी अपर समाहर्ता कार्यालय पहुंच एसी से जिंदल कंपनी के लीज भूमि के संबंध में जानकारी मांगी. यहां पर अधिकारी द्वारा बताया गया कि जिंदल को अभी तक लीज नहीं दी गयी है. क्योंकि कंपनी द्वारा अभी तक सलामी की राशि जमा नहीं की गयी है. अधिकारियों ने सीएनटी एक्ट के दायरे मे आने वाले जमीनों के हस्तांतरण के संबंध में भी जानकारी मांगी. अधिकारियों ने बताया के मामला कोलगेट भ्रष्टाचार से जुड़ा हुआ है.
