सीसीएल ने करायी मापी, जयंत सिन्हा की पहल पर हो रहा है काम
भुरकुंडा. भुरकुंडा कोयलांचल के प्रमुख मार्ग मेन रोड भुरकुंडा पर गाड़ियां दौड़ेगी. सड़क की मरम्मत का काम शीघ्र शुरू कर दिया जायेगा. शनिवार को सीसीएल ने सड़क की मापी करायी गयी. मरम्मत बांसगढ़ा खदान से लेकर भुरकुंडा बाजार, बिरसा चौक होते हुए फोरलेन मतकमा चौक तक करायी जायेगी.
इस सड़क की मरम्मत के बाद कोयलांचल की अन्य सड़कों की मरम्मत की भी मरम्मत शुरू की जायेगी. बताया गया कि मरम्मत की जानेवाली सड़क की चौड़ाई लगभग 10 फीट होगी. सीसीएल के अधिकारी ने बताया कि मरम्मत कार्य की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. मरम्मत के दौरान जहां-जहां जगह मिलेगी, वहां सड़क को चौड़ा किया जायेगा.
वायदे को पूरा कर रहे हैं सांसद: स्थानीय सांसद सह केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री जयंत सिन्हा की पहल के बाद सड़क मरम्मत की दिशा में काम शुरू हो सका है. अपने विगत दौरे में श्री सिन्हा ने सड़कों की जर्जर स्थिति को अपने कैमरे में कैद किया था. स्थानीय लोगों से भी बात की थी. उन्होंने लोगों से वादा किया था कि सड़क बनवाने के लिए सीसीएल प्रबंधन से बात की जायेगी. इस वायदे पर खरा उतरते हुए उन्होंने कोल मंत्रालय समेत सीसीएल के अधिकारियों से बात करते हुए सड़क मरम्मत की दिशा में प्रयास किया, जो सफल साबित हुआ है.
2012 में हुई थी मरम्मत: सीसीएल प्रबंधन ने 2012 में लगभग 50 लाख रुपये खर्च कर उक्त सड़क की मरम्मत करायी थी. तब सड़क की मरम्मत का काम नीचे धौड़ा छठ मंदिर से लेकर सयाल मोड़ तक कराया गया था. लेकिन मरम्मत के काम में गुणवत्ता को दरकिनार रखा गया. नतीजा कुछ महीनों में ही सड़क बरबाद हो गयी. सड़क मरम्मत के साथ ही सड़क किनारे की नालियों की सफाई भी करायी गयी थी.
सिकुड़ती जा रही सड़क: भुरकुंडा कोयलांचल का मुख्य मार्ग लगातार सिकुड़ता जा रहा है. हर बार सड़क किनारे के दुकानदार नालियों का अतिक्रमण करते हुए नाली के ऊपर अपनी दुकान का विस्तार कर लेते हैं. जब नाली जाम हो जाती है, तो गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है. फिलहाल बाजार क्षेत्र में यह समस्या नासूर बन चुकी है. दुकानदारों को सड़क मरम्मत के दौरान परेशानी भी हो सकती है.
