रामगढ़ : दशहरा असत्य पर सत्य की विजय का आैर बुराइयों पर अच्छाइयों की विजय का त्योहार है. दशहरा हमें सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. उक्त बातें झारखंड के मंत्री सह रामगढ़ विधायक चंद्रप्रकाश चौधरी ने गुरुवार को सिदो-कान्हू जिला मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही.
मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि दशहरा हमें अच्छा व्यक्ति बनने की प्रेरणा देता है. उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम राम के आदर्शों को अपनाते हुए उनके बताये मार्ग पर चलने का आह्वान किया. समारोह को डीडीसी किशोर कुमार, मुख्यालय डीएसपी वीरेंद्र कुमार चौधरी सार्वजनिक दशहरा व सूरज हॉल समिति के अध्यक्ष रोशनलाल चौधरी अमरजीत सिंह छाबड़ा आदि ने संबोधित किया.
