पलामू में कैसे होगा खेल प्रतिभा का विकास फोटो:28डालपीएच 03 मेदिनीनगर. झारखंड के आगामी बजट को लेकर प्रभात खबर ने शुक्रवार को पलामू क्लब में परिचर्चा का आयोजन किया. विभिन्न खेल एसोसिएशन ने पलामू में खेल के विकास को लेकर राज्य सरकार को अपनी राय दी. उन्होंने बताया कि जिले में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने के लिए आवश्यक संसाधन और सुविधा उपलब्ध नहीं है. उन्होंने यह सवाल उठाया कि जब खेल का मैदान ही नहीं है तो पलामू में खेल प्रतिभा का विकास कैसे होगा. पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर स्टेडियम व खेल मैदान के लिए तरस रहा है. गांधी मैदान को निगम प्रशासन ने पार्क बना दिया. जिला स्कूल का मैदान व पुलिस स्टेडियम आम नागरिकों के लिए उपलब्ध नहीं है. हाउसिंग कालोनी मैदान पर निगम प्रशासन ट्रीटमेंट प्लांट बना रहा है. जीएलए कालेज स्टेडियम निर्माणाधीन है. स्थिति यह है कि खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने के लिए भी जगह नहीं है. जबकि पलामू के युवा व बच्चे सभी तरह के खेल में गहरी रुचि रखते हैं. यदि उन्हें राज्य सरकार पर्याप्त संसाधन, सुविधा, प्रोत्साहन और उचित मार्गदर्शन प्रदान करे तो निश्चित रूप खेल प्रतिभा निखरेगा. खेल के विकास के मसले पर राज्य सरकार को गंभीर होकर बजट में विशेष प्रावधान करना चाहिये. एसोसिएशन के लोगों ने कहा कि सरकारी स्तर पर खेल के आयोजन में ओलिंपिक संघ से संबद्ध एसोसिएशन का अपेक्षित सहयोग लेना चाहिये. ऐसा करने से खेल के विकास व खेल प्रतिभा को निखारने में सहूलियत होगी और परिणाम भी बेहतर होगा. खेल के विकास के लिए सरकार प्रयासरत है लेकिन धरातल पर उसका क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं हो पा रहा है.सरकारी स्तर पर खेल के आयोजन में शिक्षा विभाग व खेल विभाग के द्वारा सिर्फ खानापूर्ति की जाती है. इस वजह से खेल प्रतिभा का विकास नहीं हो पाता. जिले में सभी तरह के खेलों के लिए डे बोर्डिंग सेंटर संचालित किया. परिचर्चा में क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सुधीर सिंह, फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव महेश तिवारी, प्रसेनजीत दास गुप्ता, ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष कमलानंद दुबे, एथेलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव संजय कुमार त्रिपाठी,वॉलीबॉल एसोसिएशन सचिव दुर्गा जौहरी, कबड्डी एसोसिएशन सचिव उपेंद्र कुमार, खो-खो संघ अध्यक्ष अजात शत्रु प्रसाद सिंहा,बैडमिंटन एसोसिएशन के मनोज सिंह उर्फ बिल्लू, टेबल टेनिस संघ के सचिव नवनीत कुमार सुंदरम, शूटिंग संघ के अशोक सिंह, वूशु संघ के रमेशचंद्र प्रसाद शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
