पलामू से चंद्रशेखर की रिपोर्ट
Palamu News: पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा में तेज आंधी में विशाल पेड़ गिरने से सुनील राम के बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया. इस घटना में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा और बारिश के कारण पेड़ अचानक गिर गया. सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की.
हैदरनगर में बाइक सवारों पर गिरा पीपल का पेड़
दूसरी घटना हैदरनगर में बुधवार की शाम सात बजे तेज रफ्तार से चली आंधी चलने से पेड़ गिरने से पेड़ से दबकर 50 वर्षीय कामदेव की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, मृतक बिहार के औरंगाबाद जिला के बड़ेम थाना क्षेत्र के तिवारी डीह गांव के था, जबकि दूसरा बाइक सवार हैदरनगर थाना क्षेत्र के रामबांध गांव के अनिल चंद्रवंशी गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने कामदेव चंद्रवंशी को देखने के बाद मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही बसपा के वरिष्ठ नेता शेर अली, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय भारती ने हॉस्पिटल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. हैदरनगर पुलिस हॉस्पिटल पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया.
शादी समारोह में शामिल होने आए थे कामदेव
जानकारी के अनुसार कामदेव चंद्रवंशी रामबांध गांव निवासी अनिल चंद्रवंशी के घर एक शादी समारोह में आए थे, बुधवार की सुबह ही बारात वापस लौटे थे, शाम में कामदेव चंद्रवंशी को लूज मोशन हो रहा था, वह हैदरनगर आस्था हॉस्पिटल के पास पहुंचे थे तभी तेज रफ्तार से आंधी आने से पीपल पेड़ बाइक पर गिर गया जिससे दोनों पेड़ से दब गए थे.
आंधी और बारिश से किसानों को नुकसान
तेज हवा के साथ हुई बारिश से क्षेत्र में सब्जी फसल और आम की खेती को नुकसान हुआ है. कई जगहों पर दर्जनों पेड़ गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई. जानकारी के अनुसार तेज आंधी के कारण खेतों में लगी ककड़ी, खीरा, टमाटर समेत अन्य सब्जी फसलें बर्बाद हो गईं. वहीं आम के पेड़ों में लगे कच्चे आम बड़ी संख्या में टूटकर गिर गए. किसानों ने बताया कि इस समय सब्जी और आम की फसल से अच्छी आमदनी की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आए तूफान ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया. इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहराने की आशंका बढ़ गई है.
कई इलाकों में बिजली व्यवस्था ठप
इधर तेज बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली. हालांकि कई जगहों पर पेड़ गिरने से बिजली के तार व पोल भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे देर रात तक कई इलाकों में अंधेरा पसरा रहा. ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की है. वही ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली बाधित हो गई है.
यह भी पढ़ें: झारखंड पुलिस में प्रमोशन पर ‘ब्रेक’: दारोगा से इंस्पेक्टर बनने की प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक
यह भी पढ़ें: सहायक आचार्य नियुक्ति पर झारखंड हाइकोर्ट का बड़ा फैसला, JSSC को सीट सुरक्षित रखने का आदेश
