पलामू के तीन विद्यार्थी राज्य टॉप 10 में शामिल, जिले के 96.15 प्रतिशत छात्र-छात्राएं मैट्रिक में उतीर्ण

Jac 10th Board Result: जैक 10वीं बोर्ड रिजल्ट में पलामू जिले ने 96.15% सफलता हासिल की, तीन विद्यार्थी राज्य टॉप-10 में शामिल हुए, जिनमें प्रीति कुमारी, प्रिंस कुमार पाल और प्रेम प्रकाश गौतम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट

Jac 10th Board Result: झारखंड अधिविद्य परिषद् (जैक) ने गुरुवार को मैट्रिक का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया. इस वर्ष पलामू में 96.015 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं. पिछले साल की तुलना में 1.095 प्रतिशत अधिक छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल किया है. पलामू जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र से 33,884 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी. इसमें 32,534 छात्र-छात्राएं सफल हुए. छात्र की तुलना में छात्राएं अधिक संख्या में मैट्रिक की परीक्षा उतीर्ण की है. इस परीक्षा में पलामू जिले के 16,705 छात्राएं और 15,829 छात्र सफल हुए. परीक्षा परिणाम के आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले वर्ष तुलना में रिजल्ट अच्छा हुआ है. पिछले वर्ष जिले में 94.92 प्रतिशत विद्यार्थियों सफल हुए थे. जबकि इस वर्ष 96.015 प्रतिशत रिजल्ट रहा. राज्य में पलामू का स्थान आठवां है. मैट्रिक की परीक्षा में 19842 छात्र-छात्राएं प्रथम श्रेणी से उतीर्ण हुए. जिसमें 9722 छात्र और 10,120 छात्राएं शामिल है. इसी तरह जिले के 11,515 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी उर्तीण हुए. जिसमें 5502 छात्र और 6013 छात्राएं हैं. 1177 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से उतीर्ण हुए. इस श्रेणी में 605 छात्र व 512 छात्राएं सफल हुए. जिले के 1345 छात्र-छात्राएं मार्जिनल उतीर्ण हैं. जिला शिक्षा पदाधिकारी सौरभ प्रकाश ने परीक्षा परिणाम पर संतोषजनक बताया. उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष रिजल्ट बेहतर हुआ है.राज्य स्तर पर भी जिले के तीन विद्यार्थियों ने पलामू का नाम रौशन किया है.

कड़ी मेहनत कर परीक्षा में सफलता मिली 

विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत कर परीक्षा में सफलता हासिल की है. उन्होंने सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और पूरे मनोयोग के साथ पढ़ाई करने का सुझाव दिया. उन्होंने कहा कि मैट्रिक की परीक्षा विद्यार्थी जीवन की पहली सीढ़ी है. भविष्य को संवारने के लिए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पढाई करनी चाहिए. छात्रों की तुलना में छात्राओं का परीक्षा परिणाम अच्छा रहा है. शिक्षकों के मार्गदर्शन व विद्यार्थियों के मेहनत का फल है कि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष का परीक्षा परिणाम अच्छा रहा. 2027 में होने वाली परीक्षा में इससे भी बेहतर रिजल्ट हो इसके लिए टीम भावना के साथ काम किया जाएगा. डीइओ ने बताया कि जिन विद्यालयों का परीक्षा परिणाम खराब हुआ है उसकी समीक्षा विशेष बैठक में होगी और सुधार करने का सुझाव दिया जायेगा.

प्रीति ने 97.80% अंक के साथ राज्य में 8वां स्थान हासिल किया, प्रिंस पाल और प्रेम प्रकाश भी टॉप-10 में शामिल

झारखंड अधिविद परिषद ने मैट्रिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है. पलामू के विद्यार्थियों ने इस परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. मनातू के चक गांव की प्रीति कुमारी मैट्रिक की परीक्षा में 97.80 अंक हासिल कर राज्य में आठवां स्थान हासिल किया है, जबकि हुसैनाबाद के प्लस टू उवि संडा के प्रिंस कुमार पाल और मोहम्मदगंज प्रखंड के रानीदेवा स्तरोन्नत उच्च विद्यालय के प्रेम प्रकाश गौतम ने 97.40 प्रतिशत अंक हासिल कर झारखंड टाप 10 में शामिल हो गया. प्रीति कुमारी ने इसका श्रेय विद्यालय के शिक्षकों और माता-पिता को दिया है. छात्रा प्रीति ने पीएमश्री स्तरोन्नत उच्च विद्यालय चक से पढ़ाई कर मैट्रिक की परीक्षा में शामिल हुई. इस सफलता पर वह काफी खुश है. प्रीति ने बताया कि वह आइएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है. उसका कहना है शिक्षित परिवार ही समाज की दशा सुधार सकती है. पिता संजय कुमार मालाकार किसान है. माता ललिता देवी गृहिणी है. विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय शुक्ला ने बताया कि प्रीति मेधावी छात्रा है. पढ़ाई के प्रति गंभीर है. प्रीति ने विद्यालय का नाम रौशन किया है. उसके इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार काफी खुश है. पलामू जिले का मनातू का इलाका वर्षों तक नक्सलियों का गढ़ रहा है. खासकर चक इलाका झारखंड के चतरा और बिहार के सीमा पर स्थित है.वर्षों तक चक नक्सलियों के प्रभाव क्षेत्र में रहा, लेकिन यहां के बच्चों ने शिक्षा को हथियार बनाया और अपने भविष्य को संवारने में जुटे है.

इस उपलब्धि पर दोनों विद्यार्थी काफी खुश है

प्रिंस कुमार पाल बैरांव गांव का रहने वाला है. उसने अपनी उपलब्धि का श्रेय शिक्षकों व माता-पिता को दिया है. प्रिंस के पिता मनोज कुमार और माता अनिता देवी ने पुत्र की इस सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की है. प्रिंस के पिता पारा शिक्षक है. उन्होंने बताया कि पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीर रहा है. प्रिंस का कहना है कि कड़ी मेहनत कर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. वह एमबीए की पढ़ाई कर अपना भविष्य संवारना चाहता है. विद्यालय के शिक्षक श्रीकांत पांडेय, जीतेन्द्र पाल, मालविका, सुरेंद्र कुमार सिंह, चंदन कुमार, मिथिलेश कुमार, ओमकार विश्वकर्मा, संदीप कुमार ने प्रिंस के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. इधर मोहम्मदगंज प्रखंड के रानीदेवा स्तरोन्नत उच्च विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा में 97.40 अंक हासिल करने वाले प्रेम प्रकाश गौतम ने बताया कि वह इंजीनियर बनकर देश की सेवा करना चाहता है. उसने कहा कि मेहनत कभी बेकार नहीं जाती. शिक्षकों और अभिभावकों के मार्गदर्शन में पढ़ाई करनी चाहिए. बच्चों के बेहतर भविष्य की चिंता अभिभावक- शिक्षक करते है, इसलिए माता-पिता व गुुरुजनों का आदर करते हुए उनके दिशा-निर्देश में पढ़ाई करना चाहिए.

इसे भी पढ़ें: ‘मुझे मेरे पति से मिलना है’ सुनते ही जल्लाद बन गया ससुर, लाठी से पीटकर बहू को किया अधमरा

इसे भी पढ़ें: लोहरदगा में दर्दनाक हादसा, इमली पेड़ की डाली काटते समय मजदूर की मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Priya Gupta

प्रिया गुप्ता प्रभात खबर के लाइफस्टाइल बीट पर 1 साल से काम कर रही हैं. यहां वे हेल्थ, फैशन और भी ट्रेंड से जुड़ी आर्टिकल लिखती हैं. ये हर लेख को दिल से लिखती है, जो पाठकों को सिर्फ जानकारी नहीं, एक एहसास पहुंचा सकें.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >