पलामू से चंद्रशेखर सिंह की रिपोर्ट
Palamu News: झारखंड के पलामू जिले को नया प्रशासनिक नेतृत्व मिल गया है. भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 2019 बैच के अधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शनिवार को पलामू के उपायुक्त (डीसी) के रूप में पदभार ग्रहण किया. इस दौरान निवर्तमान डीसी समीरा एस ने उन्हें विधिवत प्रभार सौंपा और गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया. प्रशासनिक अधिकारियों के बीच यह अवसर गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ.
106ठे डीसी के रूप में संभाली जिम्मेदारी
दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने पलामू के 106ठे उपायुक्त के रूप में पदभार संभाला. पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और कार्यप्रणाली को समझने की पहल की. उन्होंने साफ तौर पर संकेत दिया कि जिले के विकास को नई गति देना उनकी प्राथमिकता होगी.
विकास को लेकर स्पष्ट विजन
नवपदस्थापित डीसी ने अपने संबोधन में कहा कि पलामू जिले का सर्वांगीण विकास सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बेहद जरूरी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
खुद करेंगे क्षेत्र भ्रमण, जनता से सीधे संवाद
दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि वे केवल कार्यालय तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करेंगे. वे गांव-गांव जाकर आम लोगों से मिलेंगे और उनकी समस्याओं को सीधे सुनेंगे. उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा, ताकि प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास मजबूत हो सके.
विकास के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी प्राथमिकता
नए डीसी ने यह भी कहा कि जिले में विकास के साथ-साथ सुरक्षा का माहौल बनाए रखना बेहद जरूरी है. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सतर्कता और समन्वय के साथ काम करें. आम नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाएगा.
निवर्तमान डीसी ने साझा किया अनुभव
इस अवसर पर निवर्तमान डीसी समीरा एस ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि पलामू में उन्होंने टीम भावना के साथ काम करने का प्रयास किया और सभी विभागों के सहयोग से योजनाओं को धरातल पर उतारने की कोशिश की. उन्होंने उम्मीद जताई कि नए डीसी के नेतृत्व में जिले का विकास और तेज गति से आगे बढ़ेगा.
इसे भी पढ़ें: देवघर के विकास को रफ्तार देंगे नए डीसी शशि प्रकाश सिंह, समन्वय और पारदर्शिता पर फोकस
अधिकारियों ने किया स्वागत
पदभार ग्रहण के दौरान जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर एसडीओ सुलोचना मीना सहित अन्य अधिकारियों ने नवपदस्थापित डीसी का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया. यह अवसर प्रशासनिक समन्वय और नई ऊर्जा के साथ कार्य करने के संकल्प का प्रतीक बनकर सामने आया.
इसे भी पढ़ें: चैनपुर के ओम प्रताप सिंह ने एनडीए में लहराया परचम, पलामू जिले का नाम किया रोशन
