पांच नगर निकायों के विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, मतदाता खामोश

पांच नगर निकायों के विभिन्न पदों के प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत, मतदाता खामोश

वरीय संवाददाता, मेदिनीनगर पलामू जिले के सभी पांच नगर निकायों में चुनाव प्रक्रिया चल रही है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी समीरा एस की देखरेख में चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारी अंतिम चरण में है. चुनाव को लेकर गठित सभी कोषांग के नोडल पदाधिकारी व कर्मचारी तैयारी में जुटे हैं. जिले के मेदिनीनगर नगर निगम के मेयर, विश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर व हरिहरगंज नगर पंचायत के अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव होना है. चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित तिथि के अनुसार सभी पदों के निर्वाची पदाधिकारी ने सात फरवरी को अभ्यर्थियों के बीच चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया है. चुनाव चिन्ह आवंटित होने के बाद नगर निगम के मेयर पद के 11, विश्रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष पद के 21, हुसैनाबाद में अध्यक्ष पद के सात, छतरपुर में अध्यक्ष पद के 24 व हरिहरगंज नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के 10 व सभी निकायों के वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार शुरू किया था. इस तरह सभी पांचों नगर निकायों के मेयर, अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के 724 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित तिथि के मुताबिक 23 फरवरी को जिले के सभी 246 बूथों पर मतदान होगा. शांतिपूर्ण वातावरण में निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से चुनाव कार्य संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है. डीसी समीरा एस ने लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी नगर निकायों के 231970 मतदाताओं से 23 फरवरी को अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील किया है. एसपी रीष्मा रमेशन के मुताबिक सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का व्यापक इंतजाम किया गया है. खासकर अति संवेदनशील व संवेदनशील के रूप में चिन्हित मतदान केंद्रों पर प्रशासन की विशेष नज़र रहेगी. एसपी ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील किया है. इधर जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रत्याशियों का प्रचार अभियान तेजी से चल रहा है. नगर निकायों के मेयर,अध्यक्ष व वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशियों ने चुनाव प्रचार में व मतदाताओं को रिझाने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने के लिए कई वादे किये जा रहे हैं. चुनाव प्रचार व जनसंपर्क में प्रत्याशी हलकान हैं, मतदान के तीन दिन बाकी रह गये है. दलीय चुनाव नहीं होने के बाद भी अप्रत्यक्ष रूप से राष्ट्रीय पार्टी भाजपा, कांग्रेस व क्षेत्रीय पार्टी झामुमो ने समर्थित प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारा है. सभी दल ने ताकत झोंक दिया है, लेकिन क्षेत्र के मतदाता खामोश हैं. मतदाताओं की चुप्पी ने प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा दी है. अपने पक्ष में जन समर्थन जुटाने के लिए प्रत्याशियों के द्वारा कई प्रकार के हथकंडे अपनाये जा रहे हैं. अब देखना है कि 27 फरवरी को परिणाम आने के बाद किस प्रत्याशी के सिर पर ताज होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >