छतरपुर/पाटन/नौडीहा बाजार. छतरपुर सीट के लिए तीन बजे तक 62.30 फीसदी मतदान हुआ. उत्साहित मतदाता सुबह-6:45 से ही मतदान केंद्र पहुंचने लगे थे. वहीं पूरे दिन किसी भी बूथ पर किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है. छतरपुर विधानसभा क्षेत्र में 335 मतदान केंद्र बनाये गये थे. जिसमें 35 आदर्श मतदान केंद्र व दो सखी मतदान केंद्र शामिल है. सखी मतदान केंद्र पर महिला मतदान कर्मी थीं. इस सीट के उग्रवाद प्रभावित बूथों पर भी बढ़िया मतदान प्रतिशत रहा. पहली बार मतदान कर रहे युवा काफी खुश थे.
80 साल की रजबा कुंवर भी मतदान करने आयी, आंखों से लाचार रजबा कुंवर अपने पोते के साथ मतदान केंद्र पर आयी थीं. वोटिंग के दौरान प्रशासन सक्रिय रही. एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी नंदकिशोर गुप्ता ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम किये गये थे. पड़वा थाना प्रभारी मनोज कुमार तिवारी द्वारा बाईक से पुलिस कर्मियों के साथ सभी मतदान केद्रों पर निरीक्षण करते देखे गये. नौडीहा प्रखंड के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र डगरा, रत्नाग आदि इलाकों में भी मतदाताओं की कतार बूथों में लगी थी. पाटन के बूथ 234 व 175 पर ईवीएम खराब होने से देर से मतदान शुरू हुआ.
