सतबरवा : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित मेदिनीनगर- बरवाडीह मार्ग पर रविवार की शाम भुसडिया डीएवी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गयी. घटना शाम करीब 7:30 बजे की है. सतबरवा पुलिस ने तीनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पलामू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मेदिनीनगर भेज दिया है.
बताया जाता है कि रविवार को चियांकी के महादेवमाडा निवासी राजेंद्र भुइयां (18 ), मिथुन भुइयां ( 20) रवि कुमार (18) एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर लातेहार के बरवाडीह जा रहे थे. बताया जाता है कि राजेंद्र भुइयां मोटरसाइकिल काफी तेजी गति से चला रहा था. तेज गति के कारण मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ा और डीएवी इंजीनियरिंग कॉलेज के पास पलाश के पेड़ से टकरा गयी.
बाइक चलानेवाला युवक हेलमेट नहीं हुआ था. इस घटना में मोटरसाइकिल सवार तीनों लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. जानकारी के अनुसार राजेंद्र भुइयां का मामा का तबीयत खराब था. राजेंद्र अपने दोस्तों के साथ मामा को देखने बरवाडीह जा रहा था. इसी दौरान यह घटना घटी. बताया जाता है टक्कर इतना जोरदार था की टक्कर के बाद तीनों सड़क के किनारे झाड़ी में गिरे पड़े थे.
लोगों का कहना है कि सड़क सुनसान होने के करण घटना की जानकारी काफी देर से मिली. इस वजह से लोगों की जान नहीं बचायी जा सकी. थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंची, जहां तीनों लोगों की मौत हो चुकी थी. मालूम हो कि सड़क दुर्घटना का एक सप्ताह के अंदर यह दूसरा मामला है.
