मेदिनीनगर : नावाबाजार के पड़वामोड़ के मुसहर टोला की सूरत बदलने की कवायद शुरू कर दी गयी है. वर्ष 2005-06 में जिस स्थान पर मुसहरों के लिए आवास बना था. वह जर्जर है. तय किया गया है उसी भवन को ध्वस्त कर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण कराया जायेगा.
पलामू उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि के आदेश के आलोक में उपविकास आयुक्त बिंदु माधव सिंह ने बीडीओ को यह आदेश दिया है. बीडीअो विजय राजेश बारला ने बताया कि निर्देश के आलोक में काम शुरू कर दिया गया है. 17 लाभुकों की सूची तैयार कर ली गयी है. फिलहाल मुसहर परिवार को बरसात के दिन में स्कूल में शिफ्ट कराया जा रहा है, ताकि उनलोगों को किसी प्रकार के कोई असुविधा न हो.
मालूम हो कि प्रभात खबर ने पड़वा मोड़ के मुसहर टोला की स्थिति को लेकर विस्तृत रिपोर्ट सोमवार के अंक में प्रकाशित की थी, जिसके बाद उपायुक्त डॉ अग्रहरि के आदेश के आलोक में बीडीओ श्री बारला सोमवार को ही टोले में पहुंचे थे. उस दिन ही टोले में रहने वाले लोगों को यह बताया गया था कि मंगलवार को शिविर लगाया जायेगा. पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत पड़वामोड़ के मुसहर टोला में शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें प्रशासन की ओर से जरूरतमंदों की सूची तैयार की गयी.
वहीं स्वास्थ्य विभाग ने टीबी की जांच करायी, जिसमें तीन मरीज टीबी से ग्रस्त पाये गये थे. इनलोगों को बेहतर इलाज के सदर अस्पताल लाया जायेगा. बीडीओ श्री बारला ने बताया कि जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन निर्माण का कार्य शुरू होगा. पड़वामोड़ के मुसहर टोला में 17 मुसहर परिवार के लोग रहते हैं. वर्ष 2005-06 में तत्कालीन उपायुक्त विनय चौबे के पहल पर इन मुसहरों को आवास मिला था. लेकिन वह आवास जर्जर हो चुका है. इस स्थिति में मुसहर परिवार के लोग झोपड़ी में अपना गुजारा कर रहे थे.
रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद इस टोले की सुध लेते हुए इसकी सूरत बदलने की कवायद शुरू हुई है. शिविर में जिप सदस्य अनुज राम, बीडीओ विजय राजेश बारला, पंचायती राज पदाधिकारी रामनंदन मेहता, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अभिषेक कुमार, कनीय अभियंता ओमप्रकाश चंद्रवंशी, मुखिया कुसुम देवी, सीआइ महेंद्र पासवान, सहायक राजकिशोर सिंह, बीपीओ वैभयकांत, संतोष कुमार, जन्मेजय पांडेय,पटेल दुबे, विकास दुबे, बीरू दुबे, अशोक चौहान, संतोष पाल, रामरेखा चंद्रवंशी उपस्थित थे.
