पाकुड़ : उपायुक्त के निर्देश पर मंगलवार को उप विकास आयुक्त के कार्यालय कक्ष में जन समाधान दिवस का आयोजन किया गया. उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों के त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया.
विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे लोग
जन समाधान दिवस में नागरिकों ने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर आवेदन सौंपे. इनमें वंशावली प्रमाण पत्र, आर्थिक सहायता, मुख्यमंत्री गव्य विकास योजना के तहत गाय नहीं मिलने, बैंक खाता बंद कराने, जाति प्रमाण पत्र तथा विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ जमीन एवं रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाने समेत अन्य मामले शामिल थे.
आवेदनों की जांच का निर्देश
उप विकास आयुक्त ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उसकी निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. किसी भी मामले में अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
प्रशासन और जनता के बीच संवाद
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जन समाधान दिवस आमजनों और जिला प्रशासन के बीच सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है. इसके जरिए नागरिक अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखते हैं और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाती है.
कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लोगों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
