एमएमडीआर विधेयक पर कांग्रेस का हल्लाबोल, 27 को जिला मुख्यालयों में धरना

संशोधित MMDR विधेयक, महंगाई, पेट्रोल कीमत पर कांग्रेस का हल्लाबोल. 27 अगस्त को जिला मुख्यालयों में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन.

नगर प्रतिनिधि, पाकुड़ : संशोधित एमएमडीआर विधेयक के विरोध में कांग्रेस 27 अगस्त को जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन करेगी. यह जानकारी कांग्रेस के प्रदेश महासचिव श्यामल किशोर सिंह ने मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. उन्होंने एमएमडीआर विधेयक के साथ महंगाई, पेट्रोल की कीमत और अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चंदे के मामले को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा.

झारखंड के आर्थिक हितों पर बताया हमला

श्यामल किशोर सिंह ने कहा कि संशोधित एमएमडीआर विधेयक झारखंड के खनिज संसाधनों और आर्थिक हितों के खिलाफ है. उन्होंने दावा किया कि विधेयक लागू होने के बाद राज्य को हर वर्ष करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. इसका सीधा असर राज्य की विकास योजनाओं और मंईयां सम्मान योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं के लिए उपलब्ध संसाधनों पर पड़ने की आशंका है.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेगी और आम लोगों को इसके संभावित प्रभावों की जानकारी दी जाएगी.

महंगाई को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

प्रदेश महासचिव ने चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण आम लोगों पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ रहा है, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है.

उन्होंने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर भी केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आम जनता के हितों की अनदेखी कर कुछ कारोबारी हितों को फायदा पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार को आम लोगों की परेशानियों की चिंता नहीं है.

राम मंदिर चंदे की जांच की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अयोध्या राम मंदिर से जुड़े चंदे के कथित गबन का मुद्दा भी उठाया गया. श्यामल किशोर सिंह ने इसे करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की. उन्होंने भाजपा पर मामले में राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया.

27 अगस्त को जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 27 अगस्त को जिला मुख्यालयों में धरना-प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की नीतियों का विरोध किया जाएगा. मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मनसारुल हक, गुलाम अहमद समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सानू दत्ता

सानू दत्ता: पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं। वर्तमान में प्रभात खबर, पाकुड़ में कार्यरत हूं। ग्रामीण विकास, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखता हूं। डिजिटल पत्रकारिता और मल्टीमीडिया कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >