काम मांगो अभियान के तहत कार्यशाला का आयोजन
पाकुड़ : जिला मुख्यालय स्थित रवींद्र नगर भवन में मनरेगा अंतर्गत काम मांगों अभियान का जिलास्तरीय कार्यशाला का आयोजन गुरुवार को किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन जिला समन्वयक सह डीसी फिदेलिस टोप्पो ने किया. आयोजित कार्यशाला में काम मांगो अभियान के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीसी श्री टोप्पो ने कहा कि मनरेगा कानून के तहत होने वाले काम के स्तर में गिरावट आयी है परंतु काम के स्तर को बढ़ाने के लिए काम मांगो अभियान आने वाले दिनों में मील का पत्थर साबित होगा.
डीसी ने कहा कि मजदूरों को काम मांगने का हक हासिल करने में मनरेगा से जुड़े सभी कर्मियों व अधिकारियों को सहयोग करना है. उन्होंने कहा कि अभियान में भाग ले रहे सभी सहभागियों की भूमिका तय होगी. मौजूद पंचायत सचिवों व रोजगार सेवकों से सौ दिनों का रोजगार मजदूरों को मुहैया कराने का निर्देश दिया. बीडीओ हिरणपुर धीरज कुमार ठाकुर ने अभियान की आवश्यकता एवं बीडीओ महेशपुर ने अभियान के संबंध में अपेक्षित जानकारी पर चर्चा की. धन्यवाद ज्ञापन जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक गंदुर भगत ने किया.
