महेशपुर: प्रखंड के गडबाड़ी से धर्मखापाड़ा एवं सिंगपुर से कागजपुर तक बनने वाली सड़क की जांच सोमवार को डीसी कृष्ण कुमार दास ने की. ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा क्रमश: 36 एवं 49 लाख रुपये की राशि से बनाये गये उक्त सड़क की लंबाई एवं चौड़ाई की जांच डीसी की मौजूदगी में विभाग के कनीय व सहायक अभियंता द्वारा की गयी.
निरीक्षण के दौरान डीसी ने धर्मखापाड़ा गांव में मनरेगा के तहत कार्य को शुरू करने का निर्देश बीडीओ को दिया. मौके पर बीडीओ सदानंद महतो, कार्यपालक अभियंता आरइओ लेवा मिंज, सहायक अभियंता विकास कुमार, कनीय अभियंता सखीचंद्र लोहरा आदि मौजूद थे.
निरीक्षण के उपरांत डीसी श्री दास ने प्रखंड कार्यालय के सभागार में प्रखंडस्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में डीसी ने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश अभियंताओं को दिया. उन्होंने सीडीपीओ को आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित संचालन करने का आदेश दिया. मौके पर मौजूद अंचलाधिकारी को राजस्व वसूली पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिये गये.
