सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग करने से ग्रामीण आक्रोशित
पाकुड़ : दर प्रखंड के कालीदासपुर पंचायत अंतर्गत जाहेरटोला में मनरेगा के तहत बनायी जा रही सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को निर्माण कार्य पर रोक लगा दी. योजना स्थल पर ग्रामीणों द्वारा पंचायत सचिव एवं मनरेगा से जुड़े अभियंता एवं बीपीओ के खिलाफ नारेबाजी भी की गयी.
ग्राम प्रधान वेणीकांत मरांडी, ग्रामीण चंद्रा मरांडी, ज्योतिष रविदास, सील मुरमू, शिवलाल मुरमू आदि ने आरोप लगाया कि मिट्टी-मोरम सड़क निर्माण में पंचायत सचिव के इशारे पर पत्थर खदान का मिट्टी डंपर एवं ट्रैक्टर से फेंक दिया गया. ग्रामीणों के अनुसार योजना में ग्रामीण मजदूरों को भी रोजगार नहीं दिया गया. ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी कार्य पर रोक लगायी गयी थी. पंचायत सचिव ने प्राक्कलन के मुताबिक काम कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया. जिसके कारण काम पर दोबारा रोक लगा दी गयी. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से घटिया सड़क निर्माण की जांच कर पंचायत सचिव एवं योजना से जुड़े मनरेगा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
