सुनील झा की रिपोर्ट
रांचीः राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) के लिए विद्यार्थी 31 अगस्त तक आवेदन जमा कर सकते हैं. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने आवेदन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है. वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक आयोजित एनएमएमएस परीक्षा में सफल विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं.
विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा. परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं से 12वीं तक प्रत्येक वर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है. छात्रवृत्ति प्राप्त करने के लिए आवेदन करना अनिवार्य है. आवेदन नहीं करने पर परीक्षा में सफल होने के बावजूद विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित रह सकते हैं.
ये भी पढ़ें- मवेशी लदा पिकअप जब्त, 2 तस्कर गिरफ्ता; छत्तीसगढ़ से झारखंड के बूचड़खानों में ले जाने का आरोप
डीईओ करेंगे आवेदनों का सत्यापन
ऑनलाइन जमा किये गये आवेदनों का संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) द्वारा सत्यापन किया जायेगा. जैक ने आवेदन प्रक्रिया की निगरानी के लिए एक कोषांग का भी गठन किया है. विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है.
मोबाइल नंबर और ई-मेल देना अनिवार्य
आवेदन के दौरान विद्यार्थियों को अपना या पिता का मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी देना अनिवार्य होगा. छात्रवृत्ति की राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में भेजी जायेगी. इसलिए आवेदन करते समय बैंक खाते समेत सभी आवश्यक जानकारी सही-सही दर्ज करने की सलाह दी गयी है.
ये भी पढ़ें- श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनः रेलवे ने बढ़ाई रांची-भागलपुर ट्रेन की अवधि; जानें, नया शेड्यूल
