लोहरदगा़ नालसा (नई दिल्ली) और झालसा (रांची) के निर्देशानुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष राजकमल मिश्रा के मार्गदर्शन में मंडल कारा परिसर में मुलाकात कानूनी सहायता केंद्र की शुरुआत की गयी. इसका उद्देश्य बंदियों के परिजनों को कानूनी सहायता प्रदान करना, सुगम मुलाकात सुनिश्चित करना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है. परिजनों को अधिकारों के प्रति किया जायेगा जागरूक : डालसा सचिव मनोरंजन कुमार ने बताया कि इस केंद्र में पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) की नियुक्ति की गयी है. ये पीएलवी बंदियों से मिलने आने वाले परिजनों को उनके अधिकारों की जानकारी देंगे और न्याय तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करेंगे. इसके साथ ही, मुलाकातियों का विस्तृत विवरण एक तालिका में दर्ज किया जायेगा, इसमें नाम, पता, केस का विवरण, संबंधित न्यायालय, सुनवाई की अगली तिथि और उपलब्ध कानूनी सहायता (वकील) की जानकारी शामिल होगी. व्यवस्थाओं का लिया जायजा : उद्घाटन के बाद डालसा सचिव ने जेल परिसर और मुलाकात स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां स्वच्छता, पेयजल और बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया. मंडल कारा के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मुलाकात प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी व व्यवस्थित बनाया जाये. मौके पर प्रभारी जेलर मो सोनू, एलएडीसीएस चीफ नसीम अंसारी, पुलिस बल और पीएलवी उपस्थित थे.
मंडल कारा में मुलाकात कानूनी सहायता केंद्र शुरू
मंडल कारा में मुलाकात कानूनी सहायता केंद्र शुरू
