रामनवमी मेले में उमड़ा जनसैलाब, अस्त्र-शस्त्र संचालन में युवाओं ने दिखाया शौर्य

रामनवमी मेले में उमड़ा जनसैलाब, अस्त्र-शस्त्र संचालन में युवाओं ने दिखाया शौर्य

सेन्हा़ रामजन्मोत्सव के पावन अवसर पर शनिवार को सेन्हा प्रखंड मुख्यालय स्थित उत्क्रमित बेसिक उच्च विद्यालय के मैदान में प्रखंड स्तरीय भव्य रामनवमी मेला सह अस्त्र-शस्त्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. चैत्र शुक्ल पक्ष दशमी के अवसर पर आयोजित इस मेले में समूचा प्रखंड जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान रहा. परंपरागत हथियारों के साथ अखाड़ों का प्रदर्शन : मेले में प्रखंड की विभिन्न पंचायतों जैसे कोराम्बे, चमड़ू, बुटी, बरही, बदला, अरु, भड़गांव, झखरा, तोड़ार, चौकनी, मुर्की, सेरेंगहातु, उगरा, गगेया और सीठीयो समेत दर्जनों गांवों से रामभक्त पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र, महावीरी झंडों और वाद्य यंत्रों के साथ पहुंचे. युवाओं और बुजुर्गों ने लाठी, डंडा, भाला और तलवारबाजी का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. ढोल, नगाड़े और ताशे की धुन पर थिरकते श्रद्धालुओं के उत्साह ने मेले के वातावरण को उत्सवमय बना दिया. सांप्रदायिक सौहार्द की अनुपम मिसाल : इस आयोजन की सबसे खास बात अंजुमन इस्लामिया, सेन्हा द्वारा पेश की गयी भाईचारे की मिसाल रही. अंजुमन के सदस्यों ने शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों के लिए शरबत और शीतल जल की व्यवस्था की, जो क्षेत्र में आपसी एकता और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक बनी. अतिथियों ने तलवार चलाकर किया शुभारंभ : कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन पुरोहित चंद्रमोहन पाठक द्वारा प्रभु श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ. इसके पश्चात मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस महासचिव शिवकुमार भगत, विशिष्ट अतिथि बीडीओ संग्राम मुर्मू, सांसद प्रतिनिधि नंदकिशोर शुक्ला और मेला कमेटी के अध्यक्ष जयनाथ साहू ने स्वयं तलवार चलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया. सम्मान और सुरक्षा व्यवस्था : प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी अखाड़ों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. विधि-व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद और थाना प्रभारी नीरज झा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल और दंडाधिकारी मुस्तैद रहे. मौके पर जितेंद्र महतो, किनेश साहू, आलोक कुमार, नवल साहू, संतोष महतो, राजकुमार साहू, गुजरात खान, इम्तियाज अंसारी, मिथलेश मिश्रा,अजय महतो, अजय साहू और फिरोज अंसारी समेत हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >