पंचम राज्य वित्त आयोग ने की जिला के पदाधिकारियों के साथ बैठक, दिये निर्देश पंचम राज्य वित्त आयोग झारखंड ने विभिन्न विभागों के साथ बैठक की फोटो अधिकारियों के साथ बैठक करते एपी सिंह लोहरदगा : पंचम राज्य वित्त आयोग झारखंड ने लोहरदगा जिला के विभिन्न विभागों के साथ बैठक की. बैठक की अध्यक्षता आयोग के अध्यक्ष एपी सिंह ने की. जिसमें उन्होंने सभी विभागों को पंचायत को प्रदत्त अधिकारों की जानकारी रखने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं में पंचायत की भूमिका अवश्य हो तभी पंचायत सुदृढ़ हो सकेगी. मुखिया के साथ-साथ सभी वार्ड सदस्यों की भी पंचायत की गतिविधियों में भूमिका हो. पंचायतों में नियमित रूप से विभिन्न समितियों की बैठक हो और उसकी मॉनिटरिंग हो. गन्ना उत्पादन में लगे किसानों का सर्वे करायें बैठक में लोहरदगा जिला गन्ना का उत्पादन कर रहे किसानों का सर्वे कराने का निर्देश दिया गया ताकि किसानों की आय बढ़ सकें. उनकी आय गन्ना के अन्य उत्पादों से भी होनी चाहिए. चीनी का विकल्प गुड़ के उत्पादन को प्रोत्साहित किया जाये. यहां किसान आम की खेती के साथ-साथ इंटर क्रॉपिंग भी करें. यहां अनार, शरीफा, अमरूद, चीकू की भी बागवानी बेहतर विकल्प है. इससे आर्थिक स्तर उपर उठेगा. शिक्षा विभाग में विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक नियमित रूप से करने और समिति का पुनर्गठन समय-समय पर किये जाने का निर्देश दिया गया. अध्यक्ष पंचम राज्य वित्त आयोग ने इको क्लब, स्पोर्ट्स क्लब, राष्ट्रीय आविष्कार योजना, मध्याह्न भोजन आदि बिंदुओं पर जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये. साथ ही, विद्यालयों में छात्राओं के लिए सैनिटरी पैड उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये. जिला उद्योग महाप्रबंधक द्वारा विभाग अंतर्गत पीएमईजीपी, पीएमएफएमई और पीएम विश्वकर्मा से संबंधित योजनाओं में लाभुकों की स्थिति की जानकारी दी. अध्यक्ष राज्य वित्त आयोग द्वारा जिला में तसर उत्पादन, रागी के बिस्किट आदि से संबंधित संभावनाओं पर आवश्यक निर्देश दिये. जिला आपूर्ति पदाधिकारी को सभी पीवीटीजी परिवारों को डाकिया योजना के अंतर्गत अच्छादित करने का निर्देश दिया. साथ ही कहा कि वैसे परिवार हो संपन्न हैं वे राशन कार्ड की योजना से अपना नाम हटवा लें ताकि जरूरतमंद परिवार को उसका लाभ मिल सके. स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड के जरिये इलाज की मॉनिटरिंग, सदर अस्पताल में चिकित्सीय सुविधाओं को बढ़ाने, मौसमी बीमारियों के सैंपल की टेस्टिंग आदि बिंदुओं पर निर्देश दिया गया. कल्याण विभाग अंतर्गत प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना, साइकिल वितरण योजना की स्थिति, पीवीटीजी के लिए आवास योजनाओं, शौचालय की स्थिति, उनके लिए पेयजल की सुविधाओं से संबंधित जानकारी ली. पीवीटीजी के शैक्षणिक योग्यता, उनके लिए पहुंच पथ, बिजली कनेक्शन आदि का सर्वे करने का निर्देश दिया गया. अध्यक्ष पंचम राज्य वित्त आयोग द्वारा सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ निजी विद्यालय की छात्राओं को भी दिये जाने का प्रस्ताव रखा. समाज कल्याण विभाग अंतर्गत पीएम मातृ वंदना योजना, विधवा पुनर्विवाह योजना, वन स्टॉप सेंटर समेत अन्य योजनाओं व कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी. उपायुक्त डॉ ताराचंद ने जिला में संचालित विकास योजनाओं से आयोग को अवगत कराया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
