डीसी के नेतृत्व में जेल में छापामारी
लोहरदगा : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मंडल कारा लोहरदगा में डीसी परमजीत कौर के नेतृत्व में छापामारी की गयी. इस क्रम में जेल के सभी आठ बैरकों में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पुलिस के जवानों ने कैदियों की तलाशी ली. जेल में बंद कैदियों के पास से मोबाइल, चाजर्र, कैंची, पेन ड्राइव सहित अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया गया. जेल के अंदर आपत्तिजनक सामान मिलने से प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा जेल प्रशासन की मिलीभगत की आशंका जतायी जा रही है.
जेल अधीक्षक को निर्देश देते हुए डीसी परमजीत कौर ने मुलाकातियों की अच्छी तरह से जांच करने को कहा. जेल में लगा जैमर खराब होने के कारण बंदी मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहे हैं. डीसी ने बताया कि जैमर को ठीक कराने हेतु चुनाव आयोग को चिट्ठी लिखा गया है. जेल में छापामारी अभियान सुबह 5 बजे से 6:30 बजे तक चला. छापेमारी में 10 महिला पुलिस कर्मी मौजूद थीं. मौके पर उपायुक्त ने जेल में कार्यरत महिला पुलिसकर्मियों से रात में उनके ठहरने की भी जानकारी ली. एसपी मृत्युंजय कुमार ने जेल में बंद कैदियों के बीच प्रशिक्षण की व्यवस्था की बात कही. मौके पर एसी बद्रीनाथ चौबे, एलआरडीसी रविशंकर विद्यार्थी, एसडीओ अखौरी शशांक सिन्हा, डीएसपी कृष्ण कुमार, एसडीपीओ एएस रिजवी, इंस्पेक्टर राजीव रंजन, थाना प्रभारी सुधीर कुमार साहू सहित पुलिस जवान मौजूद थे.
