लोहरदगा : लोकसभा चुनाव में क्षेत्र का विकास और भ्रष्टाचार से मुक्ति ही मुख्य मुद्दा होगा. प्रभात खबर के द्वारा चुनाव चौपाल का आयोजन वीर शिवाजी चौक में किया गया. चुनावी चौपाल में युवाओं ने बड़े ही बेबाक तरीके से अपनी बात रखी. लोगों ने कहा कि नेताओं ने अब तक छलने का काम किया है. लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र अभी भी विकास से कोसों दूर है.
यहां लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है. बिजली, पानी, सड़क के अलावे बेरोजगारी की समस्या प्रबल है. नेता तो चुनाव जीत कर दिल्ली चले जाते हैं, लेकिन जनता यही रहती है और उन्हें प्रतिदिन इन समस्याओं का सामना करना पड़ता है. सुजित अग्रवाल का कहना है कि लोकसभा चुनाव में वैसे व्यक्ति को वोट दिया जायेगा, जो क्षेत्र का विकास ईमानदारी से कर सकें. शुभम गौतम का कहना है कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है, लेकिन जनता की पूछ सिर्फ चुनाव के समय ही होती है. चुनाव के बाद तो नेता जनता को पहचानते भी नहीं हैं.
विवेक मिश्र का कहना है कि इस बार मतदान बहुत ही बुद्धिमानी से सोच-समझ कर करना है. उत्तम अग्रवाल का कहना है कि अब तक इस क्षेत्र का विकास नहीं हुआ है. बॉक्साइट का अकूत भंडार यहां है, लेकिन इतने बड़े-बड़े नेता एक एल्युमिनीयम फैक्टरी भी नहीं लगवा सके. चुनाव में दावे तो बड़े-बड़े किये जाते हैं. ऐसे नेताओं से बचने की जरूरत है. नितीश कुमार साहू का कहना है कि क्षेत्र में बेरोजगारों की फौज खड़ी है, लेकिन यहां रोजगार के कोई साधन उपलब्ध नहीं है. आखिर लोग कैसे अपनी रोजी-रोटी चलायेंगे. इस बार के चुनाव में जनता नेताओं से जरूर हिसाब लेगी. इस चुनाव में जनता बहकावे में आने से रही.
