कुडू (लोहरदगा):ग्रामीण पुलिस सह पुलिस विभाग का मुख्य सूचना तंत्र माने जाने वाले चौकीदारों को चार माह से वेतन नहीं मिला है. दुकानदारों ने राशन देने से चौकीदारों को मना कर दिया. आलम यह है कि चौकीदार भुखमरी के कगार पर पहुंच गये हैं. नौबत यहां तक पहुंच गयी है कि परिवार का पालन पोषण करने के लिए कर्ज में पैसा ले रहे हैं. वेतन भुगतान के लिए अंचल कार्यालय से जिला का चक्कर लगा रहे हैं. हर तरफ मायूसी नजर आ रही है.
उपायुक्त से करेंगे बात : विधायक
स्थानीय विधायक कमल किशोर भगत ने कहा कि चौकीदारों का वेतन क्यों नहीं मिल रहा है. इस संबंध में उपायुक्त से बात करेंगे. एलॉटमेंट के लिए मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे एवं मांग करेंगे कि चौकीदारों का मानदेय जल्द भुगतान किया जाये. इस मामले में कुडू अंचल पदाधिकारी छबि बाला बारला से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो पायी. इसलिए उनका पक्ष नहीं लिया जा सका.
एलॉटमेंट नहीं
ग्रामीण पुलिस सह चौकीदारों का मानदेय भुगतान अंचल प्रशासन कुडू के द्वारा किया जाता है. अंचल प्रशासन के पास चौकीदारों के मानदेय भुगतान के लिए एलॉटमेंट नहीं है. लिहाजा ग्रामीण पुलिस चौकीदारों का भुगतान नहीं हो पा रहा है.
