लोहरदगा़ : सदर प्रखंड के कुर्से गांव में बुधवार की देर रात 44 वर्षीय लाल रंगनाथ शाहदेव की हत्या कर दी गयी़ सुबह लोगों ने जब शव को देखा, तो इसकी सूचना सदर थाना को दी. सूचना पाते ही एसपी कार्तिक एस, एएसपी विवेक कुमार ओझा, डीएसपी अनुज उरांव, सदर थाना प्रभारी जेपीएन चौधरी घटना स्थल पर पहुंचे. पुलिस ने स्क्वाएड डॉग का सहारा लिया़ इसके बाद भी पुलिस को सुराग नहीं मिला़ पुलिस दो-तीन युवकों को थाने में लाकर पूछताछ कर रही है. बताया जाता है कि लाल रंगनाथ बुधवार की शाम को ही घर से निकले थे.
देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान रहे. सुबह सूचना मिली कि उनके घर से 200 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे पुल के नीचे एक शव पड़ा है. परिजन वहां पहुंचे और परिजनों ने शव की पहचान लाल रंगनाथ के रूप में की. पुलिस का मानना है कि युवक की हत्या घटना स्थल पर नहीं की गयी है. मृतक के सिर पर तेजधार हथियार से वार करने के निशान हैं.
