परिसदन भवन एवं वहां की
दीवारों को आकर्षक तरीके से सजाने का काम हुआ शुरू
लोहरदगा : उपायुक्त भुवनेश प्रताप सिंह ने लोहरदगा को सुंदर बनाने की पहल की है. इसकी शुरुआत परिसदन भवन से की गयी है. परिसदन भवन एवं वहां की दीवारों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है. उपायुक्त ने जिला स्थापना दिवस के मौके पर शंख महोत्सव का आयोजन किया है. इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. पहले चरण में पेंट माई सिटी के तहत दीवारों पर आकर्षक कलाकारी की जा रही है. पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा भी दी जा रही है.
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का संदेश, स्वच्छता से लाभ, आदिवासी संस्कृति, पशु पक्षियों से प्रेम, कृषि, शिक्षा, लोक संस्कृति, जल संरक्षण, बच्चों के मनोरंजन सहित आकर्षक पेंटिंग लोगों को काफी प्रभावित कर रही है. उपायुक्त की इस पहल की हर ओर सराहना की जा रही है.
