लोहरदगा : लोहरदगा में तपती गरमी से लोग परेशान हैं. पारा 38 डिग्री के समीप पहुंच गया है़ पांच दिनों से तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है. तपती गरमी के कारण सुबह से ही सड़कें सूनी हो जा रही है़ देर शाम तक सड़कें वीरान ही रहती है़
गरमी को लेकर सरकारी कार्यालयों में भी लोगों की भीड़ भी कम हो गयी है़ छह बजे के बाद ही लोग अपने जरूरी कामों के लिए बाजार निकल रहे हैं. विद्यार्थी परेशान हैं. ग्रामीण इलाकों से शहर में पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को और भी परेशानी हाे रही है़
गरमी को देखते हुए जिले में विद्यालयों को प्रात:कालीन कर दिया गया. बढ़ती गरमी से बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ गया है़ सदर अस्पताल सहित निजी क्लिनिकों में मरीजों की भीड़ लगने लगी है. इनमें ज्यादातर मरीज बुखार, उल्टी व दस्त के शिकार हैं़ बुजुर्गों का कहना है कि लोहरदगा में अप्रैल माह में कभी इतनी गरमी नहीं पड़ती थी. जब अप्रैल के पहले हफ्ते में गरमी की ये स्थिति है, तो मई-जून में क्या होगा?
