लोहरदगा : लोहरदगा विधानसभा उपचुनाव को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है. मतदान आज सुबह 7 बजे से 3 बजे तक होगा. इस विधानसभा में 219595 मतदाता हैं, जिसमें 106165 महिला एवं 113430 पुरुष मतदाता हैं.
जिले में 272 मतदान केंद्र हैं. चुनाव मैदान में नौ उम्मीदवार हैं. जिले के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री एवं एसपी कार्तिक एस ने बताया कि चुनाव को लेकर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये गये हैं. स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है. बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है. डीआइजी ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
73 संवेदनशील व 137 अतिसंवेदनशील बूथ
चुनाव को लेकर 73 संवेदनशील बूथ,137 अतिसंवेदनशील बूथ, 62 सामान्य बूथ तथा 38 क्रिटिकल बूथ चिह्नित किये गये हैं. मतदान केंद्रों में मतदानकर्मियों एवं मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय, रैंप की व्यवस्था सभी 272 बूथों में की गयी है.
56 आदर्श मतदान केंद्र बनाये गये हैं. 73 मतदान केंद्रों पर बिजली की व्यवस्था की गयी है. मतदाताओं की सुविधा के लिए बीएलओ द्वारा वोटर परची वितरण कर दिया गया है.
डीआइजी ने सुरक्षा व्यवक्था की जानकारी ली
सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेने डीआइजी अरुण कुमार सिंह लोहरदगा पहुंचे अैार एसपी कार्तिक एस से उन्होंने पूरी जानकारी ली. डीआइजी ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक भी की.
45 माइक्रो आबजर्वर नियुक्त
विधानसभा उपचुनाव के लिए 300 पीठासीन पदाधिकारी, 900 मतदान पदाधिकारी , 196 महिला मतदान पदाधिकारी, 81 सेक्टर मजिस्ट्रेट सह पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, 45 माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किये गये हैं. चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए 21 वीडियो कैमरा तथा आठ स्टील कैमरा लगाया गया है.
चार चेकपोस्ट बनाये गये
आदर्श चुनाव को लेकर सात एमसीसी टीम, पांच स्टेटिक सर्विलांस टीम, पांच फ्लैंग स्क्वायड, चार चेकपोस्ट बनाये गये हैं. विधानसभा उपचुनाव के तहत निरोधात्मक कार्रवाई के तहत 310 लीटर शराब तथा 4 लाख 21 हजार रुपये जब्त किया गया.
10 जेनेरल काउंटर बनाया गया
मतदान दिवस के लिए पोल डे रिपोर्ट लेने के लिए 10 जेनेरल काउंटर बनाया गया है. जिसमें 10 वरीय पदाधिकारी तथा 20 सहायकों की प्रतिनियुक्ती की गयी है. इवीएम कलेक्शन के लिए पोल डे रिपोर्ट लेने के लिए छह जेनेरल काउंटर बनाया गया है. प्रत्येक काउंटर में आठ कर्मचारी प्रतिनियुक्त किये गये.
हेलीकाॅप्टर से भेजे गये मतकर्मी
सुदूरवर्ती उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र के 61 मतदान कर्मियों को हेलीकाॅप्टर से कलस्टर में भेजा गया. इस क्षेत्र में 14 बुथ बनाये गये हैं. इस क्षेत्र में 56 मतदानकर्मी तथा पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट भेजे गये हैं. यहां जोबांग तथा पेशरार में कलस्टर बनाया गया है. इन इलाकों में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये गये हैं.
सात बूथ को रिलोकेट किया गया
सुचारु रूप से मतदान की व्यवस्था के लिए सात बूथों को रिलोकेट किया गया है. जिसमें मध्य विद्यालय बाेंडोबार पेशरार को, प्रावि बंगला पाठ, पाखर किस्को में परिवर्तित किया गया है.
उत्क्रमित विद्यालय सांगोडीह पेशरार को उत्क्रमित मध्य विद्यालय मुरमू उपर टोली पेशरार, प्रावि मन्हा, पेशरार को नया सामुदायिक भवन, मुरमू उपर टोली पेशरार, मध्य विद्यालय मक्का पेशरार को राजकीय मवि सिरम पेशरार, उत्क्रमित मवि केरार को मध्य विद्यालय दुग्गू, मवि कौंआडाड़ को मवि ओनेगड़ा में परिवर्तित किया गया है तथा किस्को प्रखंड के प्रावि पाखर किस्को को प्रावि बंगला पाठ पाखर किस्को में परिवर्तित किया गया है.
दो मतदान केंद्रों का मतदान केंद्र में भी परिवर्तन किया गया है. इसके तहत प्रा उर्दू विद्यालय आनंदपुर को नव निर्मित प्रा उर्दू विद्यालय आनंदपुर तथा आंगनबाड़ी केंद्र पतगेच्छा को नव निर्मित प्रावि पतगच्छा में स्थानांतरित किया गया.
