लोहरदगा : शहरी क्षेत्र के राणा चौक स्थित चुनावी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को समाज कल्याण मंत्री लुइस मरांडी व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने संबोधित किया. मौके पर लुइस मरांडी ने कहा कि पूर्व विधायक बंधु तिर्की व कांग्रेस प्रत्याशी राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके है.
मधु कोड़ा के सीएम काल में दोनों प्रत्याशियों ने राज्य के विनाश में क्या भूमिका निभायी है, यह जनता से छिपी नहीं है. कहा कि एनडीए प्रत्याशी नीरू शांति भगत कमल किशोर भगत के अधूरे कार्यो को पूरा करते हुए क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करेगी. एनडीए के पक्ष में हवा बह रही है. पहले चुनाव के अनुपात में ज्यादा वोटो से एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है. वहीं स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि जाति, धर्म नहीं बल्कि विकास की राजनीति होनी चाहिए. राज्य तेजी से विकास कर रहा है. लोहरदगा से नीरू शांति भगत को विजयी बनाकर राज्य के विकास में सहभागी बनें. मौके पर जिलाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भोला चंद्रवंशी, चंद्रशेखर प्रसाद, राजकुमार वर्मा, ब्रजबिहारी प्रसाद मौजूद थे.
समाज को बांटने वालों से सावधान रहें: सुदेश
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने किस्को प्रखंड के हिसरी, मेरले सहित अन्य गांवों में चुनावी सभा को संबोधित किया. मौके पर श्री महतो ने कहा कि समाज को बांटने वाले लोगों से सावधान रहें. आजसू का लक्ष्य सिर्फ चुनाव जीतना नहीं है, बल्कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास करना आजसू का दायित्व है.
उन्होंने कहा कि विपक्ष का रोल आर्थिक विकास को रोकने तक सीमित रह गयी है. इसे जमीन पर उतारने के लिए लोहरदगा को एक सकारात्मक विधायक चाहिए. जो प्रदेश की सरकार को लोहरदगा की जनता के बीच अगले चार साल तक असरदार बनाये रखे. उन्होंने कहा कि सिर्फ सरकार पर उंगली उठाने से जनता का भला नहीं होगा. विचारों व कार्यक्रमों से जुड़कर काम करने वाला विधायक ही यहां की जनता को चाहिए. मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
नप अध्यक्ष पावन एक्का ने निकाला जुलूस : इधर नगर पर्षद अध्यक्ष पावन एक्का ने एनडीए प्रत्याशी नीरु शांति भगत के पक्ष में मोटरसाइकिल जुलूस निकाला. बीआइडी से बड़ी संख्या में भाजपा आजसू कार्यकर्त्ता मोटरसाइकिल में सवार होकर पूरे नगर का भ्रमण किये.
श्री एक्का ने लोगों से नीरु शांति भगत को वोट देने की अपील की. मौके पर अरविंद जायसवाल, प्रवीण जायसवाल, सुनिल जायसवाल, वीरेंद्र महतो, राजेश अग्रवाल, उदय अग्रवाल, अनिल सोनी, बरकत, अरशद, आशिक, मुन्ना साहू, हीरा साहू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.
