लोहरदगा : जिले में पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में कुडू व सेन्हा प्रखंड में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ. कुडू में 126 पद के लिए और सेन्हा में 101 पद के लिए वोट डाले गये. तीसरे चरण के चुनाव में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किये गये थे.
लगभग 1250 मतदानकर्मियों को चुनाव कार्य में लगाया गया था. तीसरे चरण के चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की ओर से व्यापक बंदोबस्त किया गया था. डीसी मंजूनाथ भजंत्री एवं एसपी कार्तिक एस सहित अन्य वरीय अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर मतदान की स्थिति की जानकारी ली. पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह देखा गया.
कड़ाके की ठंड के बावजूद ग्रामीण अपने मताधिकार का प्रयोग करने निकले. प्रात: 9 बजे तक कुडू प्रखंड में 18 प्रतिशत एवं सेन्हा प्रखंड में 14 प्रतिशत वोट डाले गये थे. 11 बजे यह प्रतिशत बढ़ गया. कुडू में 45.52 एवं सेन्हा में 45.6 प्रतिशत वोट पड़ा था. एक बजे सेन्हा में 58.76 एवं कुडू में 57.65 प्रतिशत वोट डाले गये थे. वोटिंग में महिलाओं की संख्या भी ज्यादा देखी गयी.
