भंडरा/लोहरदगा : झारखंड में शासन, शासक और जनता की दूरी को समाप्त करना है. शासन-प्रशासन में जो भी खामी है, उसको दूर करना है. बेहिचक अपनी बात यहां रखें. आपकी समस्याओं के निराकरण करने का प्रयास यहां किया जायेगा.
झारखंड का विकास कैसे हो, लोहरदगा कैसे विकसित होगा, भंडरा प्रखंड का विकास कैसे करना है, शासन, प्रशासन व जनता मिल कर झारखंड को संवृद्ध, खुशहाल व शिक्षित करना है.
विकास की किरण समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, तभी विकास सार्थक माना जायेगा. जनसंवाद में स्कूली बच्चे भी अपनी समस्या रखें. 2018 तक झारखंड का कोई भी गांव बिजली से वंचित नहीं रहेगा. जहां बिजली की सुविधा नहीं होगी, वहां सौर्य ऊर्जा से रोशन किया जायेगा. झारखंड में भ्रष्टाचार का खेल नहीं चलेगा. पारदर्शी शासन यहां होगा. उक्त बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भंडरा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में कही. मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि जनता अपनी किसी भी तरह की समस्या बेरोक टोक के रखें.
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
इस मौके पर स्थानीय सांसद सह केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री सुदर्शन भगत, पेयजल स्वच्छता मंत्री चंद्र प्रकाश चौधरी, गुमला के विधायक शिवशंकर उरांव, पूर्व विधायक कमल किशोर भगत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनिल कुमार बर्णवाल, मांडर विधायक गंगोत्री कुजूर,
डीआइजी अरुण कुमार सिंह, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री, एसपी मनोज रतन चोथे, डायरेक्टर विनोद चौधरी, डीएसपी आशिष कुमार महली, डीडीसी दानियल कंडुलना, एसडीओ रवि शंकर शुक्ला, भंडरा बीडीओ अजय भगत, सीओ प्रकाश कुमार, डॉ अरविंद कुमार आर्य, जेई मथुरा प्रसाद, गोविंद साहू , तौकिर आलम, डॉ मृत्युंजय कुमार, थाना प्रभारी भंडरा, जिप सदस्य शामिल उरांव, उपप्रमुख ईश्वरी मोहन शर्मा, जिप उपाध्यक्ष मनीर उरांव, देवशरण भगत, मुखिया टेले उरांव, रंथू उरांव, धनेश्वरी उरांव, सोमे उरांव, जिरमा उरांव, जयंती उरांव, अनिता उरांव, सुमित उरांव, धनंजय तिवारी, बालकृष्णा सिंह, सीताराम शर्मा, राज किशोर महतो, पंकज गुप्ता, सूरज अग्रवाल, कवंलजीत सिंह, ब्रज बिहारी प्रसाद, राज कुमार वर्मा, समेला भगत, अविनाश कुमार, नीरज कुमार नलिन, अमर भगत आदि मौजूद थे. मंच का संचालन गणेश लाल ने किया.
सीएम का स्वागत किया
मुख्यमंत्री का स्वागत भंडरा आने के क्रम में भैंसमुदो गांव के ग्रामीणों ने पारंपरिक ढोल-नगाड़ा के साथ किया. ग्रामीणों से मिल कर मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याएं सुनीं. गांव में सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने, जर्जर बिजली तारों को बदलने, ग्रेड वन रोड को पीसीसी करने की मांग की.
इस मौके पर बालकृष्णा सिंह, बासु उरांव, दुर्गा महली, दिनेश उरांव, दसई उरांव, धरती पहान, तिलका उरांव, चंद्रिका सिंह, पेराम्बर सिंह, अशोक महतो, कमल गोप आदि उपस्थित थे.
मुझे नहीं मिली नौकरी
भंडरा थाना क्षेत्र के नोज कुमार तिवारी ने मुख्यमंत्री के सामने कहा कि मेरे पिता कमलेश तिवारी की हत्या उग्रवादियों ने 2007 में कर दी थी. परंतु अनुकंपा पर नौकरी मुझे नहीं मिली.
नौकरी के लिए मैं जिला प्रशासन के पास कई बार गया. मेरा परिवार आर्थिक तंगी झेल रहा है. हमलोगों के सामने कई समस्याएं हैं. मुख्यमंत्री जी मुझे नौकरी देकर मेरे परिवार को सहयोग करें. अनोज के बातों को सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने जिला के उपायुक्त को एक सप्ताह के अंदर नौकरी देने का निर्देश दिया.
गांव में बिजली नहीं
अकाशी गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक पालन तिवारी ने मुख्यमंत्री को गांव की बिजली समस्या पर ध्यानाकृष्ट कराते हुए कहा कि चार महीनों से अकाशी गांव के लोग बिजली समस्या झेल रहे हैं.
बिजल विभाग द्वारा ग्रामीणों की समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता को तुरंत अकाशी गांव में बिजली बहाल करने का निर्देश दिया.
पेयजलापूर्ति योजना को पूर्ण करें
अकाशी पेयजलापूर्ति योजना को निर्धारित समय सीमा के अंदर हर हाल में पूरा कराने का निर्देश विभाग के अभियंता को मुख्यमंत्री ने दिया. ग्रामीणों ने बताया कि इस योजना के तहत एक गांव रेलवे लाइन के उस पार पड़ता है. जहां के ग्रामीणों को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा, ऐसा विभागीय अधिकारी कह रहे हैं. मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्यपालक अभियंता को कहा कि रेलवे को पत्र लिखो और हर हाल में उस गांव में पानी की सप्लाई होनी चाहिए.
शिक्षकों की कमी दूर करें
माडल स्कूल भंडरा के छात्र विवेक कुमार सिंह ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग की. मुख्यमंत्री ने कहा सरकार 14 वर्षों से शिक्षा पर ध्यान नहीं दे रही थी. मेरी सरकार पहली प्राथमिकता शिक्षा को दे रही है. बहुत जल्द शिक्षकों की कमी को दूर किया जायेगा. साथ ही कक्षा 9 एवं 10 के बच्चों को स्पेशल कोचिंग देकर प्रोत्साहित किया जायेगा.
प्लस टू की पढ़ाई शुरू करायें
ग्रामीणों ने उवि बमनडीहा में प्लस टू की पढ़ाई शुरू करने, शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग रखते हुए बताया कि क्षेत्र की बालिकाएं मैट्रिक पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ देती हैं. आसपास में प्लस टू की पढ़ाई की व्यवस्था नहीं है.
अत: प्लस टू की पढ़ाई यहां शुरु करवाया जाए. मुख्यमंत्री ने 15 नवंबर तक यूनिवर्सिटी से लेकर प्राथमिक शिक्षा तक शिक्षकों की कमी दूर करने की बात कही. साथ ही प्लस टू की पढ़ाई शुरू करने के लिए प्रक्रिया का निर्देश शिक्षा विभाग को दिया.
सांसद कोष से बेंच-डेस्क दें
प्रो वंशीधर कन्या उच्च विद्यालय की छात्राओं ने मुख्यमंत्री से कहा कि उनकी पढ़ने के लिए न तो भवन है न ही बेंच-डेस्क. शिक्षकों की कमी भी है. इस मामले पर मुख्यमंत्री ने सांसद सुदर्शन भगत को कहा कि छात्राओं की समस्याओं को देखते हुए अपने कोष से भवन एवं बेंच डेस्क उपलब्ध करायें. मौके पर सांसद ने छात्राओं की समस्या का निदान शीघ्र करने का आश्वासन दिया.
30 वर्षों से सेवा दे रहे हैं, वेतन नहीं मिला
प्रो वंशीधर उवि के शिक्षक रघुनाथ साहू , रामकुमार साहू, मुनेश्वर यादव, भुटकी महतो ने कहा वे सभी 30 वर्षों से सेवा दे रहे हैं, परंतु उन्हें वेतन भुगतान अभी तक नहीं दिया जा रहा है. शिक्षकों का वेतन भुगतान करने का निर्देश हाईकोर्ट द्वारा दिया जा चुका है, फिर भी सरकार उन्हें वेतन नहीं दे रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो विद्यालय के मामले पर एक नियमावली बनाने की प्रक्रिया चल रही है. इसके बाद भुगतान पर ध्यान दिया जायेगा.
रसोइयों ने मानदेय मांगा
कन्या मध्य विद्यालय चट्टी की रसोइयों ने मानदेय भुगतान पर ध्यान देने की मांग मुख्यमंत्री से की. रसोइयों ने बताया कि उनके मानदेय पर कटौती कर ली जाती है. मुख्यमंत्री ने कहा रसोइया, आंगनबाड़ी सेविका , सहायीका को सेवा के लिए रखा गया है, जितना काम करेंगे उतना मानदेय मिलेगा.
दो कोल्ड स्टोरेज बनवाने की मांग
भंडरा के किसानों ने प्रखंड क्षेत्र में दो कोल्ड स्टोरेज बनवाने की मांग मुख्यमंत्री से की. मुख्यमंत्री ने कहा उनकी मांग जायज है. इस पर ध्यान दिया जायेगा. किसानों को फ्री बिजली दी जायेगी. किसानों के लिए अलग फिडर बनाया जायेगा.
इलाज के लिए सहयोग की अपील
भंडरा गांव निवासी यशोदा देवी अपने बीमारी का इलाज के लिए मुख्यमंत्री से सहयोग की मांग की. यशोदा देवी हार्ट की बीमारी से ग्रसित है. इस बिंदू पर मुख्यमंत्री यशोदा को बताया कि वह आय प्रमाण पत्र एवं बीमारी का इलाज के लिए मेडिकल एस्टीमेट बनवा कर आवेदन दें.
उनकी बीमारी का इलाज सरकार करायेगी. साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा सरकार गरीब तबके के लोगों के असाध्य रोगों का इलाज के लिए पांच लाख तक की सहायता देती है. इस योजना का लाभ लोग ले सकते हैं.
